Spread the love

शाजापुर। ड्राइविंग के दौरान एक पल का भी ध्यान भटकना किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकता है, इसका एक जीता-जागता मामला जिले में सामने आया है। यहां एक ट्रैक्टर चालक द्वारा गुटखा थूकने के लिए नजर हटाते ही वाहन से संतुलन बिगड़ गया और महिलाओं से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा पलटी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में खेत पर मजदूरी के लिए जा रही महिलाओं की जान बच गई, लेकिन करीब 20 महिला मजदूर घायल हो गई हैं। यह दुर्घटना सुनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर-जलोदा जोड़ के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, रामनगर गांव की रहने वालीं 15 से 20 महिला मजदूर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खेत पर मजदूरी करने जा रही थीं। तभी रास्ते में ट्रैक्टर चालक गुटखा खा रहा था। जैसे ही चालक ने गुटखा थूकने के लिए अपना ध्यान सड़क से हटाया, स्टेयरिंग अचानक गलत दिशा में मुड़ गई। वाहन की गति होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे सड़क से उतरकर गहरी खंती में पलट गई।
गाड़ी पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायल महिलाओं को बिना समय गंवाए शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नही हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *