Spread the love

नई दिल्ली। ट्रेन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर यात्रियों की शिकायत पर रेलवे ने तुरंत और सख्त कार्रवाई की है। दरअसल 16 अगस्त 2026 को ट्रेन नंबर 22435 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री ने सोशल मीडिया पर खाने की शिकायत की। यात्री ने बताया कि उसे दिया गया पराठा ठीक से पका नहीं था और उसकी गुणवत्ता भी खराब थी। शिकायत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी टैग किया गया था।
यात्री द्वारा की गई उक्त शिकायत सामने आते ही ट्रेन में मौजूद केटरिंग स्टाफ ने यात्री से संपर्क किया, उसकी समस्या सुनी और खाना बदलकर देने की पेशकश की। इसके बाद मामले की जांच की गई और आईआरसीटीसी ने संबंधित केटरिंग कंपनी पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अतिरिक्त, बेस किचन में फूड सेफ्टी की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी पर भी 20,000 रुपये का जुर्माना ठोका गया। रेलवे ने सिर्फ जुर्माना लगाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि बेस किचन में खाना बनाने और पैक करने की प्रक्रिया की निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ट्रेन में यात्रियों को खाना भेजने से पहले उसकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा की सही तरीके से जांच हो। कार्रवाई के बाद यात्री ने भी संतुष्टि जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *