
नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल में विधानसभा की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इनमें से किसी एक सीट से चुनाव लड़कर विधानसभा में वापसी करेंगी। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर सीट को रखने के फैसले के बाद खाली हुई है। वहीं रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। ममता बनर्जी के लिए नंदीग्राम को अपेक्षाकृत सुरक्षित सीट माना जा रहा है। वर्ष 2021 में इसी सीट पर ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच कांटे का मुकाबला हुआ था, जिसमें शुभेंदु अधिकारी ने 1,956 वोटों से जीत दर्ज की थी।
दूसरी ओर, रेजीनगर मुर्शिदाबाद जिले की सीट है और यहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में ममता के यहां से चुनाव लड़ने को अल्पसंख्यक मतदाताओं को राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी उम्मीदवार और चुनाव चिह्न को लेकर खींचतान की चर्चा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ममता बनर्जी किस सीट से मैदान में उतरती हैं या चुनाव से दूरी बनाए रखती हैं।
