Spread the love

बालाघाट जिले के बैगा आदिवासी बहुल इलाकों में बच्चों की मौत का मामला राजनीतिक रूप से भी गरमाया
बालाघाट। जिले के बैगा आदिवासी बहुल इलाकों में बच्चों की मौत का मामला अब राजनीतिक रूप से भी गरमाता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट पहुंचेंगे। वे बिरसा विकासखंड के प्रभावित आदिवासी इलाकों में जाकर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी मौत के कारणों तथा परिवारों की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बालाघाट में अब तक 32 बच्चों की मौत हो चुकी है। कांग्रेस का आरोप है कि बीमारी, कुपोषण, साफ पानी की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर पहुंच ने आदिवासी परिवारों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। राहुल गांधी का यह दौरा 13 दिन के भीतर मध्यप्रदेश में उनका दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 19 सितंबर को इंदौर आए थे और यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अब बालाघाट में उनका फोकस आदिवासी बच्चों की मौत और प्रभावित परिवारों की स्थिति पर रहेगा।
राहुल ने पहले ही सरकार पर उठाए थे सवाल…….
बालाघाट दौरे से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया था कि बैगा आदिवासी बच्चों की बीमारी और कुपोषण से मौतें हो रही हैं और सरकारी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को संबोधित करते हुए राज्य में आदिवासी इलाकों की स्थिति पर ध्यान देने की अपील की थी। उनके बयान में स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छ पानी की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख थे। अब राहुल गांधी प्रभावित परिवारों से सीधे मिलकर जमीनी स्थिति जानेंगे। कांग्रेस के मुताबिक दौरे में यह भी पता किया जाएगा कि सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ संबंधित परिवारों तक क्यों नहीं पहुंच पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *