Spread the love

रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने वालों को भी विकल्प, अब तक ऑनलाइन बुकिंग पर थी सुविधा

नई दिल्ली। अब रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने वाले यात्री भी 45 पैसे के प्रीमियम पर 10 लाख रूपए तक का यात्रा बीमा ले सकेंगे। मंगलवार से देशभर के सभी आरक्षण काउंटरों पर यह विकल्प मिलेगा। अभी तक यह सुविधा केवल आईआरसीटीसी से ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को मिलती थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रेलवे ने ऑफलाइन टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए भी बीमा का विकल्प उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। यह सुविधा भोपाल रेल मंडल के आरक्षण काउंटरों पर भी मिलेगी। बीमा लेना वैकल्पिक होगा।
जून 2023 में ओडिशा में हुए रेल हादसे के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इसमें रेल हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा प्रणाली लागू करने और हादसों की जांच के लिए कमेटी बनाने की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी ध्यान दिया। इनमें स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज, पटरियों के आसपास जाली लगाने और काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को बीमा का विकल्प नहीं मिलने जैसे मुद्दे शामिल थे।
आज से देना होगा बीमा का विकल्प…..
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन काउंटरों से टिकट लेते हैं। रेलवे को इन यात्रियों के लिए बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने का पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए। इसलिए 27 अक्टूबर से काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वालों को भी बीमा का विकल्प देना अनिवार्य किया गया है। यह फैसला जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने सुनाया। मामले में अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी। भोपाल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने यात्रियों से टिकट बनवाते समय सही मोबाइल नंबर दर्ज कराने और डिजिटल भुगतान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *