रतलाम । जावरा में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी पर खेत में रखी जलाऊ लकड़ी बेचने के मामले में केस बनाने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता रहीश खां निवासी ग्राम शक्करखेड़ी ने 29 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी उज्जैन से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, डिप्टी रेंजर ने पहले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान 65 हजार रुपए लेने पर सहमति बनी। शिकायत का सत्यापन डीएसपी दिनेशचंद पटेल ने किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद 30 अक्टूबर को लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए डिप्टी रेंजर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है।

