Spread the love

लखनऊ। देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाले बड़े फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने चार राज्यों में फैले शातिर सिंडिकेट को पकड़ा है, जो लाखों रुपये लेकर न केवल नकली डिग्रियां बनाता था, बल्कि उन्हें विश्वविद्यालयों की असली वेबसाइट पर अपलोड कर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण करवाता था।
इस खुलासे ने सभी को चौंका दिया है कि कैसे महज 11वीं पास व्यक्ति भी फर्जी एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियों के दम पर दिल्ली के अस्पतालों में मरीजों का इलाज कर रहा था। एसओजी ने रामकिशोर महावर नाम के इस तरह के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरोह के चार मुख्य सदस्यों को भी अलग-अलग राज्यों से पकड़ा गया है, जिसमें मुंबई से सत्यजीत पाणिग्रही, लखनऊ से खुर्रम तौफीक और दस्तावेज तैयार करने वाला मनीष मांझी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि यह पूरा गोरखधंधा फेसबुक और वॉट्सएप के जरिए चलाया जाता था, जहां एक एमबीबीएस या एमडी की डिग्री के लिए करीब 5.5 लाख रुपये वसूले जाते थे। इस रैकेट की सबसे खतरनाक बात यह थी कि लखनऊ से गिरफ्तार खुर्रम तौफीक नकली डिग्रियों को संबंधित यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करता था, जिससे सत्यापन के दौरान डिग्री असली प्रतीत होती थी और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन आसानी से हो जाता था।

फर्जी एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियों के दम पर दिल्ली के अस्पतालों में मरीजों का इलाज…
इस बीच, उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 फर्जी आयुर्वेद डॉक्टरों का पर्दाफाश किया है। ये सभी जाली शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर प्रैक्टिस कर रहे थे। जांच में पता चला कि इन आरोपियों ने आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा बोर्ड में पंजीकरण पाने के लिए फर्जी बीएएमएस मार्कशीट, इंटर्नशिप सर्टिफिकेट और डिग्रियों का इस्तेमाल किया था। ये नकली दस्तावेज कुरुक्षेत्र के श्री कृष्ण राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और रोहतक के पंडित भगवत दयाल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम से तैयार किए गए थे। इसके अलावा, आरोपियों ने हरियाणा की इंडियन मेडिकल काउंसिल के नाम से फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी बनवा रखे थे। प्रशासन अब इन सभी फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रहा है, ताकि देश की स्वास्थ्य प्रणाली को इसतरह के खिलवाड़ से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *