Spread the love

खारजी लगाने के एवज में मांगी 1 लाख की रिश्वत

छिंदवाड़ा। जिले के दमुआ थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को लोकायुक्त पुलिस ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक मामले में खारजी रिपोर्ट लगाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शनिवार को थाना दमुआ के बाहर बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। लोकायुक्त के अनुसार, 30 वर्षीय शारुख खान के खिलाफ उसके मामा शहीद अंसारी ने दमुआ थाने में फर्जीवाड़े की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में खारजी लगाने के बदले थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव ने शारुख के ममेरे भाई 33 वर्षीय दानिश अंसारी के माध्यम से एक लाख रुपये की मांग की थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और 28 नवंबर को आरोपी को 50 हजार रुपये की पहली किश्त लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ट्रैपकर्ता डीएसपी रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त दल शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *