Spread the love

शहरी हाईवे पर नगर पालिका की कार्रवाई
शाजापुर। शहरी हाईवे और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता बिगाड़ने के साथ ही यातायात में बाधक बन रहे अवैध फ्लेक्स के खिलाफ नगर पालिका ने अभियान चलाया। प्रशासन के निर्देश पर नपा की टीम ने शहरी हाईवे के बिजली के खंभों और प्रमुख चौराहों से 100 से अधिक बिना अनुमति लगे फ्लेक्स जब्त कर हटाए। शहर में होने वाले विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान आयोजक समितियों द्वारा बिना स्वीकृति के ही बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर फ्लेक्स टांग दिए जाते हैं। खंभों के दोनों ओर बड़े आकार के फ्लेक्स लगने से सड़क की चौड़ाई प्रभावित होती है और बड़े वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी आती है। पूर्व में इन फ्लेक्स के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे में नगर पालिका के अमले ने गुरुवार को शहरी हाईवे सहित कृषि उपज मंडी, धोबी चौराहा, टंकी चौराहा और लालघाटी क्षेत्र में अभियान चलाकर खंभों व सार्वजनिक जगहों से अवैध प्रचार सामग्री को हटाया।

नियम तोड़ा तो संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई ………..
मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर बिना अनुमति लगे फ्लेक्स हटाने की कार्रवाई की गई है। संबंधित आयोजकों ने प्रचार सामग्री लगाने से पूर्व नपा से कोई वैधानिक अनुमति नहीं ली थी। सीएमओ दीक्षित ने शहरवासियों और विभिन्न आयोजक समितियों से अपील की है कि वे बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों या खंभों पर फ्लेक्स न लगाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर मध्य प्रदेश संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत 1,000 रुपए का जुर्माना वसूलने के साथ ही संबंधित आयोजक समिति के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *