
वाशिंगटन। नियमित रूप से रात में काम करने से दिल की बनावट में बदलाव आ सकते हैं। यह बदलाव दिल की सेहत पर गंभीर असर डाल सकते हैं, जिससे हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है। यह खुलासा हुआ है एक नये शोध में। ब्रिटेन के यूके बायोबैंक द्वारा किए गए एक व्यापक अध्ययन में यह बात सामने आई है। लगभग 52 साल की औसत उम्र वाले 42,671 लोगों पर किए गए इस शोध में, 1,322 नियमित नाइट शिफ्ट कर्मचारियों को शामिल किया गया। एमआरआई तकनीक का उपयोग करके उनके दिलों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि नियमित नाइट शिफ्ट करने वालों के दिल के पम्पिंग चैंबर अन्य लोगों की तुलना में थोड़े मोटे थे। इसके अलावा, दिल के कुछ हिस्सों का आकार भी छोटा हो गया था। शोध में यह भी देखा गया कि रात में काम करने वाले लोगों के रक्त में ऐसे बदलाव थे जो दिल की सेहत से जुड़े होते हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड डीएचए का स्तर कम पाया गया, जिसे दिल के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। अच्छे कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) से जुड़े कुछ स्तरों में बदलाव, ट्राइग्लिसराइड्स और शरीर में सूजन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जानकारों के अनुसार, इस प्रभाव का मुख्य कारण हमारे शरीर की प्राकृतिक घड़ी, जिसे बॉडी क्लॉक या सर्केडियन रिदम कहा जाता है, का बाधित होना है। यह घड़ी हमारे सोने, जागने, पाचन और अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक कार्यों को नियंत्रित करती है। जब कोई व्यक्ति रात में जागता है और दिन में सोता है, तो यह प्राकृतिक ताल बिगड़ जाती है, जिससे शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। पूर्व के अध्ययनों में भी नाइट शिफ्ट को दिल की बीमारियों के बढ़ते खतरे से जोड़ा गया है। वर्ष 2025 में 23 अध्ययनों की एक समीक्षा में पाया गया था कि दिन में काम करने वालों की तुलना में नाइट शिफ्ट करने वालों में दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा 13प्रतिशत अधिक था, और दिल की बीमारी से मौत होने की आशंका भी 27 प्रतिशत ज्यादा पाई गई। डॉक्टर, नर्स, सुरक्षाकर्मी, फैक्ट्री कर्मचारी और बीपीओ जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लाखों लोग नाइट शिफ्ट करते हैं, जिनकी सेहत के लिए यह जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है।
