Spread the love

माता-पिता और बहन का दावा हाईकोर्ट ने किया खारिज

जबलपुर। पति की जीवन बीमा पॉलिसी में पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाए जाने के बाद बीमा की रकम पर माता-पिता और बहन द्वारा जताई गई दावेदारी को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया कि बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के तहत निर्धारित शर्तें पूरी होने पर पत्नी, बच्चों या माता-पिता जैसे निर्दिष्ट करीबी रिश्तेदारों को बीमा राशि का लाभार्थी माना जाएगा। कोर्ट ने पत्नी की याचिका स्वीकार करते हुए आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी की पूरी राशि पर उसके अधिकार को मान्यता दी और निचली अदालत के आदेश को निरस्त कर दिया। मामला महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल ) में कार्यरत मुकेश कहर से संबंधित है। उनका 10 जुलाई 2017 को निधन हो गया था। उन्होंने अपने जीवनकाल में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस से पॉलिसी ली थी और पत्नी मोनिका बडगुजर को एकमात्र नॉमिनी नियुक्त किया था। पति की मृत्यु के बाद उनके माता-पिता और बहन ने सिविल कोर्ट में उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया। 24 नवंबर 2023 को सिविल कोर्ट ने पीएफ, ग्रेच्युटी और बीमा की रकम पत्नी, माता, पिता और बहन के बीच बराबर बांटने का आदेश दिया था। प्रत्येक को एक चौथाई हिस्सा देने के इस फैसले को चतुर्थ जिला न्यायाधीश, नरसिंहपुर के 12 मार्च 2025 के आदेश के जरिए बरकरार रखा गया। इसके बाद पत्नी मोनिका ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।

बीमा अधिनियम की धारा 39(7) बनी फैसले का आधार…..
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) पर विस्तार से विचार किया। यह प्रावधान वर्ष 2015 के संशोधन के माध्यम से जोड़ा गया था। कोर्ट ने कहा कि निर्धारित कानूनी शर्तों के तहत यदि बीमाधारक ने अपने पति या पत्नी, बच्चों अथवा माता-पिता को नॉमिनी बनाया है, तो ऐसे नॉमिनी को बीमा राशि का लाभार्थी माना जाएगा। ऐसी स्थिति में अन्य कानूनी वारिस केवल उत्तराधिकार के आधार पर बीमा पॉलिसी की रकम में हिस्सेदारी का दावा नहीं कर सकते।

हर नॉमिनी को स्वतः नहीं मिलता लाभार्थी का अधिकार….
कोर्ट ने फैसले में एक महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति भी स्पष्ट की। प्रत्येक नॉमिनी को बीमा राशि का स्वतः मालिक नहीं माना जा सकता। यदि किसी व्यक्ति ने पॉलिसी लेते समय माता-पिता को नॉमिनी बनाया और बाद में उसका विवाह हो गया या बच्चे हो गए, तो ऐसी स्थिति में धारा 39(7) का लाभ स्वतः लागू नहीं होगा। ऐसे मामलों में नॉमिनी की भूमिका केवल बीमा राशि प्राप्त करने वाले व्यक्ति की हो सकती है और वास्तविक अधिकार उत्तराधिकार के कानून के अनुसार तय होंगे।

पत्नी की याचिका स्वीकार, निचली अदालत का आदेश निरस्त….
मौजूदा मामले में मुकेश कहर ने अपनी पत्नी मोनिका को एकमात्र नॉमिनी नियुक्त किया था। इसलिए हाईकोर्ट ने उन्हें पॉलिसी की पूरी बीमा राशि का लाभार्थी माना। अदालत ने बीमा राशि को चार बराबर हिस्सों में बांटने संबंधी निचली अदालत के आदेश को निरस्त करते हुए पत्नी के पक्ष में फैसला सुनाया। याचिकाकर्ता मोनिका की ओर से अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा ने पैरवी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *