
बुधनी-विजयपुर में प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
बुधनी /विजयपुर। मप्र की बुधनी और विजयपुर में विधानसभा उपचुनाव का घमासान चरम पर पहुंच गया है। भाजपा और कांग्रेस ने मैदानी मोर्चा संभाल लिया है। उपचुनाव के लिए गुरूवार को कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन किया। विजयपुर में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में मेरी घर वापसी हुई है। रावत का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा से होगा। मुकेश मल्होत्रा भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचे। इधर, बुधनी में कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने नामांकन दाखिल किया। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव से होगा। बता दें कि मप्र की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 23 नवंबर को इसके नतीजे घोषित होंगे।
विजयपुर में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत के नामांकन से पहले रोड शो हुआ। इसमें सीएम डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। रोड शो विजयपुर सामुदायिक अस्पताल से सुनवई तिराहे तक निकाला गया। इसके बाद गणेश महाविद्यालय परिसर में सभा हुई। सबसे पहले मंत्री रामनिवास रावत और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सभा को संबोधित किया। इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
जल्द लाड़ली बहनों हर महीने 3 हजार रुपए मिलेंगे
सीएम डॉ. मोहन यादव ने चुनावी मंच से लाडली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने लाडली बहनों के लिए वचन पत्र में जो वादा किया है। वह पूरा होगा। सरकार ने 1 हजार से राशि को बढ़ाकर 1250 किया और बहुत जल्द राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपए महीना की जाएगी। इसके साथ ही योजना से वंचित रह गईं। लाडली बहनों के नाम भी चुनाव के बाद जोडऩे का काम शुरू कराया जाएगा। कोई भी लाडली बहन नहीं छूटेगी। सीएम ने इस बार गोवर्धन पूजा कराहल के गौरस में गौ पालकों के बीच करने का ऐलान भी किया है।
कांग्रेस से भाजपा में मेरी घर वापसी
भाजपा प्रत्याशी राम निवास रावत ने कहा कि मैं स्टूडेंट लाइफ से ही बीजेपी से जुड़ा रहा। किसी वजह से मैं कांग्रेस में चला गया। मेरी घर वापसी हुई है। मैं किसी शर्त या किसी कॉन्ट्रैक्ट के तहत नहीं आया। न ही मैंने मंत्री बनाने के लिए कहा। मैं सिर्फ जनता के विकास के लिए यहां आया हूं। मुझसे अगर कह दिया जाए कि चुनाव मत लड़ो, घर बैठ जाओ तो विजयपुर का विकास होते रहेगा।
कांग्रेस प्रत्याशी टुकड़े-टुकड़े गैंग का सदस्य
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को दिल्ली के टुकड़े-टुकड़े गैंग का सदस्य बताया। उन्होंने कहा कि रावत बिना किसी लोभ लालच के पार्टी में आए, यह बात सही है। रामनिवास रावत मेरे साथ 2 बार लोकसभा चुनाव लड़े। जब रामनिवास रावत कांग्रेस में थे तब हमारी सरकार विकास तो कराती थी। लेकिन विकास का श्रेय हम उन्हें नहीं लेने देते थे, तब उन्हें थोड़ा दुख होता था। वह हमसे क्षेत्र के विकास के लिए बात करते थे। हमने कहा, पंजे को तोड़ दो और कमल के फूल में शामिल हो जाओ। इस क्षेत्र में विकास की आवश्यकता थी, यहां बड़े नेतृत्व की आवश्यकता थी, इसलिए उन्हें मंत्री बनाया गया।
कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने भरा नामांकन
बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के नामांकन से पहले सभा हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर 25 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है।
