
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बीच छोड़ी पार्टी
मुंबई । मंगलवार को महाराष्ट्र में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के पूर्व सांसद सुधाकर श्रंगारे कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने यह राजनीतिक फैसला ऐसे समय पर लिया है, जब राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने जा है। श्रंगारे ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह लोक कल्याण और लातुर के विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार शुरू करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, आपका प्रबल समर्थन, आस्था वही पुरानी है। एक नई शुरुआत! कांग्रेस पार्टी में जनता का प्रवेश। पूर्व सांसद सुधाकर ने कहा कि प्रगतिशील भविष्य को लेकर कांग्रेस के दृष्टिकोण में अपने विश्वास के कारण उन्होंने इस पार्टी को ज्वाइन किया है। सुधाकर को अमित देशमुख और दिलीपराव देशमुख की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाइन कराया गया। बताया जाता है कि उनके इस फैसले से लातुर में बीजेपी का वोट बैंक प्रभावित होगा।
सुधाकर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतकर बने थे सांसद
सुधाकर ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट से चुनाव जीता था। 2024 के चुनाव में बीजेपी ने उन्हें फिर टिकट दिया, लेकिन वह कांग्रेस के शिवाजीराव कालगे से हार गए थे। 2019 में सुधाकर श्रंगारे ने कांग्रेस प्रत्याशी को बड़े अंतर से हाराय था। सुधाकर को 661,495 वोट हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 3,72,384 वोट ही मिले थे। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शिवाजीराव काल्गे को जीत मिली और उनके समर्थक में 49.15 प्रतिशत वोट गए, जबकि सुधाकर को 5,47,140 वोट मिले थे। लातुर सिटी का परिसीमन कर इसे लातुर सिटी और लातुर ग्रामीण बना दिया गया था। यहां हमेशा कांग्रेस का दबदबा रहा है। लातुर सिटी से अमित देशमुख जीतते आ रहे हैं, जबकि लातुर ग्रामीण सीट पर भी पिछला तीन चुनाव कांग्रेस ने ही जीता है। बीजेपी ने लातुर सिटी से अर्चना चाकुरकर और लातुर ग्रामीण से रमेश कराड को टिकट दिया है।
