
श्योपुर के चहुंमुखी विकास के लिए रामनिवास रावत को जिताकर विधानसभा भेजें – शिवराजसिंह चौहान
श्योपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने श्योपुर जिले के विजयपुर में बुधवार को जनसभा, जनसंवाद और कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार हर समाज और हर वर्ग के जीवन में खुशियां लाने का काम कर रही है। नरेंद्र मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जो पालपुर-कूनो आए और चीता परियोजना की शुरुआत की। आज सारी दुनिया के पर्यटक यहां आ रहे हैं और लोगों को रोजगार मिल रहा है। इस प्रोजेक्ट की वजह से श्योपुर को वैश्विक पहचान मिली है। केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आज सारी दुनिया में हर तरफ मोदी जी और भारत का नाम गूंज रहा है। श्योपुर का विकास सिर्फ भाजपा सरकार ने ही कराया है। इस दौरान विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रामनिवास रावत ने भी संबोधित किया।
क्षेत्र में विकास की हर ईंट भाजपा सरकार ने लगाई-विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि श्योपुर जिले और विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में आज जो विकास दिखाई दे रहा है, ये किसने किया? यहां विकास की हर ईंट भाजपा की सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लगाई है। यहां जो गांव-गांव में सड़कों का जाल दिखाई देता है, यह पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी के हर गांव को सड़कों से जोड़ने की योजना का परिणाम है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार हाईवे का विस्तार कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पूछा कि हर खेत को पानी और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली सिंचाई परियोजनाएं किसने स्थापित की? श्योपुर जिले के पालपुर-कूनो में चीतों को बसाने और इसे विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का काम किसने किया? जवाब एक ही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार। उन्होंने कहा कि वो भाजपा की सरकार ही है, जो लाड़ली बहनों को हर महीने 1250 रुपये देकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बना रही है और हर समाज, हर वर्ग के जीवन में खुशियां लाने का काम कर रही है। नरेंद्र मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जो पालपुर-कूनो आए और चीता परियोजना की शुरुआत की। आज सारी दुनिया के पर्यटक यहां आ रहे हैं और लोगों को रोजगार मिल रहा है।
13 तारीख को पूरी ताकत से कमल का बटन दबाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आप लोगों ने देखा होगा 2003 के पहले प्रदेश में मि. बंटाढार की सरकार थी, जिसने पूरे प्रदेश का बंटाढार कर दिया था। लोग सड़क, बिजली, पानी के लिए तरसते थे। बाद में 15 महीनों के लिए आई कमलनाथ सरकार ने भी विकास को रोक दिया था और प्रदेश को भ्रष्टाचार में डुबा दिया था। इसी से निराश होकर भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश सरकार के वन मंत्री रामनिवास रावत ने इस क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा का हाथ थाम लिया।
विकास के लिए भाजपा में आए हैं रामनिवास रावत- शिवराजसिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आप यहां से हर बार रामनिवास रावत जी को जिताते रहे हैं, पिछली बार भी आपने उन्हें जिताया था। हम उनसे बहुत दिनों से कह रहे थे कि अच्छा आदमी अगर अच्छी पार्टी में आ जाए, तो क्षेत्र और जनता की भलाई होगी। आखिरकार जब उन्हें यह महसूस हो गया कि कांग्रेस पार्टी इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं कर सकती, तो उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में आ गए, क्योंकि इस क्षेत्र का विकास और यहां की जनता का कल्याण उन्हें प्यारा है। उन्होंने भाजपा में आने में थोड़ी देर जरूर कर दी, लेकिन देर आए, दुरुस्त आए। आप उन्हें भारी बहुमत से जिताइये और अब हम सब मिलकर श्योपुर जिले और विजयपुर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
