
जुए व शराब का शौकीन आरोपी, लूट की बारदात को अंजाम देने की थी हत्या
अशोकनगर। कोलुआ की पठार के पास बीती 12 अक्टूबर को मिले नर कंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। देहात थाना पुलिस सीसीटीव्ही कैमरे व मुखबिर तंत्र को सक्रिय करके मामले में आरोपी तक पहुंची और उसको गिरफ्तार किया। पुलिस में हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि लूट की बारदात को अंजाम देने की थी हत्या की थी। आरोपी जुए खेलने व शराब पीने का शौकीन है। हत्या और लूट के बाद मोटर सायकल आंवरी की खदान के गड्डे में और धारदार चाकू को घर पर छिपाकर रखा था। बीतीे 12 अक्टूबर को देहात थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान को सूचना प्राप्त हुई कि पिपरई रोड पर कोलुआ की पठार के पास मेन रोड से लगे परमवीर सिंह सिवा के खेत की कटाई के दौरान एक नर कंकाल का सर मिला है। सूचना की तस्दीक हेतु देहात थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ परमवीर सिंह के खेत पर पहुंचे और देखा कि एक नर कंकाल का शव खेत में पड़ा हुआ है। घटना स्थल पर आसपास शव के शरीर की तलाश की गई तो सड़क किनारे झाडियों के बीच गढ्ढे में शव मिला जिसका सिर धड़ से अगल था। अज्ञात शव के शरीर पर सफेद रंग का पाजामा तथा हल्के गुलाबी रंग का कुर्ता लिपटा हुआ था, शव के कपड़ों की जैबों को चैक किया जैब से एक बैंक ऑफ बड़ौदा की खाता की किताब तथा एक आधार कार्ड मिला, आधार कार्ड पर लाल साहब कुशवाह पिता प्यारे लाल निवासी डोंगरा पछार लिखा हुआ था। उसके बाद ग्राम डोंगरा पछार सरपंच को उक्त शव के बारे में जानकारी देकर लाल साहब कुशवाह के बार में जानकारी प्राप्त की तथा लाल साहब के परिजनों द्वारा शव के कपड़े, घड़ी, जूते, आधार कार्ड तथा बैंक की किताब को देखकर शव की पहचान की। मृतक लाल साहब कुशवाह के परिजनों द्वारा बताया था कि 10 अक्टूबर को लाल साहब अपनी मोटर सायकल से किश्त जमा करने एवं रिश्तेदार को उधार के रूपये लौटाने के लिए अशोकनगर गए थे, जो दो दिनों तक वापस नहीं आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन द्वारा अज्ञात आरोपी की पतारशी करने हेतु आदेश दिया गया। जिसके पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी द्वारा थाना प्रभारी देहात निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान को अज्ञात आरोपी की पतारशी कर गिरफ्तारी करने हेतु टीम गठित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। विवेचना हेतु गठित विशेष टीम द्वारा शहर के सीसीटीव्ही फुटेजों खंगाले जिसमें लाल सिंह 10 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे बस स्टैंड स्थित शराब की दुकान पर एक अज्ञात व्यक्ति के साथ शराब लेते हुए दिखाई दिया।
शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट:
अज्ञात व्यक्ति लगातार मृतक लाल साहब के साथ लाल साहब की मोटर सायकल पर बैठा हुआ दिखाई दिया। जो बस स्टैंड से मंडीगेट, पछाड़ीखेड़ा चौराहा, राजमाता चौराह, जेल रोड पर जाता और कुछ देर बाद वापस बस स्टैंड तरफ आता दिखाई दिया, संदेही के वीडियो को मुखबिरों को बताने पर जानकारी मिली कि संदेही के हुलिए जैसा व्यक्ति जेल के पीछे लक्ष्मीनगर कॉलोनी में रहता है, तत्पश्चात संदेही की तलाश कर थाना लेकर आए, जिससे पूछताछ करने पर संदेही ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 10 अक्म्टूबर 2024 को शाम करीब 6 बजे आरोपी और मृतक लाल साहब दोनों मिलकर शराब पी रहे थे तब आरोपी की नजर उसके रूपयों और मोटरसायकल पर थी, इसी दौरान आरोपी ने मृतक को फिर से शराब की दुकान से शराब लेकर पिलाई और पिपरई रोड़ पर ले गया जहां पर सुनसान जगह देखकर मृतक लाल साहब की धारदार चाकू से हत्या कर दी और मृतक लाल साहब कुशवाह की जेब से रूपये तथा मृतक की मोटर सायकल लेकर वहां से भाग गया।
पुलिस ने जप्त किया अपराध में प्रयुक्त हथियार:
उसके बाद आरोपी ने मोटर सायकल को आवंरी की खदान में किसी गढ्ढे में छिपाकर रख दी और घटना के दौरान पहने हुए कपड़े तथा हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू को अपने घर की छत पर ईंटों के नीचे छिपाकर रख दिए थे। विवेचना के दौरान आरोपी से लूटी गई मोटरसायकल एवं अपराध में प्रयुक्त चाकू व घटना के समय पहने हुए कपड़ों को आरोपी की निशांदेही पर से बरामद किया है।
