Spread the love

मुंबई। विधानसभा चुनाव परिणाम के 13 दिन बाद महाराष्ट्र में नई सरकार बन गई है। इस शपथ ग्रहण समारोह को एनडीए का शक्ति प्रदर्शन माना गया। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। शपथ के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास गए और अभिनंदन किया। फडणवीस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया। वे राज्य के दूसरे नेता हैं जो सीएम के बाद डिप्टी सीएम बने। शिंदे के बाद एनसीपी नेता अजित पवार ने डिप्टी सीएम की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी सीएम बने हैं। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं।
शपथ समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:31 बजे शुरू हुआ, जो करीब 30 मिनट तक चला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने तीनों नेताओं ने मराठी में शपथ ली। शपथ ग्रहण कर एनडीए ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन भी किया। क्योंकि इस समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी के अलावा नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू समेत एनडीए शासित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम शामिल हुए। शपथ समारोह में सचिन तेंदुलकर, शाहरूख खान, सलमान खान, संजय दत्त, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह समेत 200 वीआईपी कार्यक्रम भी पहुंचे।
मंत्रियों ने शपथ नहीं ली
सीएम और दोनों डिप्टी सीएम के अलावा किसी मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। हालांकि महायुति के बीच कैबिनेट बंटवारे को लेकर 6-1 का फॉर्मूला तय हुआ है। यानी 6 विधायक पर एक मंत्री पद मिलेगा। इसके तहत भाजपा को 20 से 22 मंत्री पद, एकनाथ शिंदे गुट को 12 और अजित पवार गुट को 9 से 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा, राज्य के कैबिनेट में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। जबकि 9 दिसंबर को राज्य के नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
बोन मैरो ट्रांसप्लांट के मरीज की अर्थिक मदद
वहीं अपने पहले फैसले में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे मरीज के लिए सहायता को मंजूरी दी है। बता दें कि, पदभार संभालने के बाद अपनी पहली फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे एक मरीज के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जानकारी के मुताबिक, पुणे में रहने वाले चंद्रकांत कुर्हाड़े की पत्नी ने अपने पति के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने से पहले फाइल पर अपने हस्ताक्षर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *