
महादेव सट्टा एप पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के धान खरीदी केंद्रों में प्रदर्शन की घोषणा पर पलटवार करते हुए कहा कि घर बैठकर आलोचना करना आसान है, लेकिन वास्तविकता जानने के लिए मंडी और धान खरीदी केंद्रों पर जाकर स्थिति का आकलन करना चाहिए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, तीन तारीख को कुछ लोग देखे थे, अच्छा है कि लोग जाएं और खुद देखें। सिर्फ आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा, पास जाकर प्रत्यक्ष रूप से हालात देखें। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि धान खरीदी में कोई गंभीर दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी समस्याएं आई थीं, जिन्हें सुलझा लिया गया है। कहीं भी धान खरीदी बंद नहीं हुई है। राइस मिलर्स से संवाद स्थापित करने के बाद सभी समस्याओं का समाधान हो गया है, उन्होंने कहा। वहीं, कांग्रेस द्वारा 10 दिसंबर को धान खरीदी केंद्रों में प्रदर्शन करने की घोषणा पर मुख्यमंत्री ने इसे बेवजह का आरोप करार दिया और कहा कि कांग्रेस के नेताओं को सच जानने के लिए केंद्रों का दौरा करना चाहिए। महादेव सट्टा एप और अन्य घोटालों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया और कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। महादेव सट्टा एप, शराब घोटाला, कोयला घोटाला और DMF घोटाले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा। सभी घोटालेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सीजीपीएससी में जो घोटाले हुए थे, उनके दोषियों के खिलाफ जेल जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
