
कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
नई दिल्ली। बीजेपी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप में कहा गया, सोनिया गांधी के संबंध फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशइया पैसिफिक (एफडीएल-एपी) से हैं। अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस से इस संगठन को पैसा मिलता है। यह संगठन एक अलग कश्मीर की वकालत करता है। इस पर सोमवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ।
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर लगे आरोपों को लेकर सोमवार को संसद में जोरदार हंगामा हुआ। बीजेपी के आरोपों को विपक्षी सांसदों ने बेबुनियाद बताया। हंगामें को बढ़ता देख लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इससे पहले सुबह 11 बजे सदन में अध्यक्ष ओम बिरला के आसन पर आते ही विपक्षी सदस्य अपने स्थानों से उठ कर कुछ मुद्दे उठाने लगे, जो साफ सुनाई नहीं दिए। इस पर ओम बिरला ने पूछा कि क्या वे सदन नहीं चलने देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल में किसी विषय को नहीं उठाया जाता है। अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल सबसे अहम समय होता है। देश चाहता है कि सदन की कार्यवाही चले। आप सदन में गतिरोध पैदा कर रहे हैं। उन्होंने दोबारा कहा कि आप सदन नहीं चलाना चाहते हैं। इस पर विपक्षी सदस्य कुछ कहने लगे। उसके बाद ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि अगर कोई भी देश विरोधी तत्वों के साथ मिलकर काम करता है तो सभी पार्टियों को मिलकर उसका विरोध करना चाहिए। चाहे वह उसकी खुद की पार्टी का ही कोई व्यक्ति क्यों ना हो। मीडिया से बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि अगर उनकी पार्टी का भी कोई भारत विरोधी संगठन के साथ मिला हुआ है तो उसके खिलाफ भी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले की कांग्रेस को बता दिया था कि संविधान पर चर्चा लोकसभा में 13 और 14 दिसंबर और राज्यसभा में 16 और 17 दिसंबर को की जाएगी। बता दें कि बीजेपी ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि कश्मीर को स्वतंत्र राष्ट्र मानने का विचार रखने वाले संगठन और सोनिया गांधी के बीच कनेक्शन है। इससे पता चलता है कि विदेश संस्थाओं को प्रभाव किस तरह से भारत के आंतरिक मामलों पर पड़ रहा है।
बीजेपी के मुताबिक सोनिया गांधी के राजीव गांधी फाउंडेशन की अध्यक्षता से जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ साझेदारी हुई थी। बीजेपी ने यह भी कहा कि जॉर्ज सोरोस की फंडिंग से चलने वाले खोजी पत्रकारों ने ही अडानी पर हमले को लेकर राहुल गांधी के भाषणों का प्रसारण किया। राहुल गांधी भी इसे अपने सोर्स के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। वह चाहते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाए। कांग्रेस नेता शशि थरूर भी जॉर्ज सोरोस को अपना दोस्त बता चुके हैं।
