Spread the love

भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं की निष्ठा, विचारधारा, आस्था व भावनाओं का प्रतिमान होता हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी श्रद्धेय अटल जी के सपनों को साकार कर रहे – डॉ. मोहन यादव
झाबुआ/मंदसौर/आगर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने झाबुआ, मंदसौर और आगर में भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन कर कार्यकर्ता सम्मेलन व बूथ समिति सम्मान कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं की निष्ठा, विचारधारा, आस्था व भावनाओं का प्रतिमान हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नदी जोड़ो अभियान के तहत श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का सपना साकार कर रहे हैं। 11 दिसंबर से प्रदेश में जनकल्याण पर्व शुरू हो रहा है जो 26 जनवरी तक चलेगा। इस पर्व के तहत भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार जातियों किसान, महिला, युवा व गरीबों के हितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण व देश सेवा के लिए और प्रेरित करेंगे। कार्यालय निर्माण में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए। कार्यालय से भावनात्मक जुड़ाव के लिए कार्यकर्ता एक रूपए का सहयोग करें या एक ईंट का, लेकिन सहयोग करें। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि 15 महीने में कार्यालय बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता जाएं। यह भाजपा कार्यालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत बनाने का कार्य करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि कार्यालय भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर व पूजा स्थल की तरह होता है। अपने जिला कार्यालय से भावनात्मक जुड़ाव के लिए कार्यकर्ता एक-एक ईंट का सहयोग करें। मंदसौर में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी उपस्थित रहे।
जन कल्याण पर्व के तहत हितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यालय ईंट-पत्थर के सिर्फ भवन नहीं होते हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं की जीवंत आत्मा होते हैं। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के आशीर्वाद से 2023 के विधानभा चुनाव और इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। यह जिला कार्यालय सिर्फ कार्य करने का स्थान नहीं हैं, यह पार्टी कार्यकर्ताओं के विजय व पराक्रम के केंद्र बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्य कर रही है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मध्यप्रदेश को स्वर्णिम व आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए कार्य करें। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार आगामी 11 दिसंबर से जनकल्याण पर्व की शुरूआत कर रही है, जो पूरे प्रदेश में 26 जनवरी तक चलेगा। इस पर्व के तहत सरकारी कर्मचारी हर गांव-मोहल्ले व घर-घर पहुंचकर जनता को हितकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। भाजपा के सभी सांसद, विधायक, नगरीय निकाय व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचें और भाजपा की डबल इंजन सरकार की हितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार जातियों किसान, महिला, युवा व गरीबों के लिए कार्य कर रही है। इसी पर्व के तहत बुंदेलखंड को हराभरा बनाने वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना का प्रधानमंत्री शुभारंभ करने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना और कालीसिंध-पार्वती व चंबल नदी जोड़ो परियोजना को मंजूरी प्रदान कर एक लाख करोड़ की सौगात दी है। नदी जोड़ो परियोजना का कार्य पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने शुरू किया। प्रधानमंत्री मोदी जी श्रद्धेय अटल जी के सपनों को साकार कर रहे हैं।


भाजपा जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं के कार्यों को गति देने का कार्य करते हैं-विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा के जिला कार्यालय एक इमारत नहीं हैं। यह भवन राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं के कार्यों को गति देने का कार्य करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए देश के सभी जिलों में पार्टी कार्यालय का स्वयं का भवन होने का संकल्प लिया था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में आज मध्यप्रदेश के तीन जिलों में जिला कार्यालयों का भूमिपूजन हुआ। प्रदेश में अब कुछ ही जिले शेष है, जहां स्वयं के कार्यालय नहीं हैं। जल्द ही उन जिलों में भी भाजपा का अपना कार्यालय होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि जिला कार्यालय के निर्माण में हर कार्यकर्ता की भूमिका होनी चाहिए, इसलिए हर कार्यकर्ता चाहे एक रूपए या एक ईंट का ही सहयोग करे, लेकिन सभी कार्यकर्ता जरूर सहयोग करें। ऐसा करने से सभी कार्यकर्ता अपने जिला कार्यालय से भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन पर्व में भी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से इतिहास रचा है। बूथ समिति भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण इकाई होती है। बूथ जीता चुनाव जीता, हमारा बूथ, सबसे मजबूत जैसे अभियानों से पार्टी संगठन को और मजबूती मिली और हमें विधानसभा, लोकसभा सहित नगरीय निकाय के चुनावों में ऐतिहासिक सफलता मिली है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से ही आज ग्राम पंचायत के वार्ड पंच से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक भाजपा के कार्यकर्ता देश सेवा में जुटे हुए हैं।
जनता के आशीर्वाद व कार्यकर्ताओं की मेहनत से पूरा भारत भगवामय है-डॉ. महेन्द्र सिंह
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 15 महीने में अपना जिला कार्यालय बनाने का संकल्प लेकर जाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, यह कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो सका है। आज देश के आधे से अधिक राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। पूरा भारत भगवामय है। भारत माता की सेवा और अपनी संस्कृति के विकास के लिए भाजपा कार्यकर्ता हमेशा संकल्पित है। पार्टी के नवीन जिला कार्यालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए कार्य करेंगे। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में हर लक्ष्य हासिल करने का जज्बा है।
एक समय देशभर में 20 कार्यकर्ता थे,आज एक बूथ समिति में इतने कार्यकर्ता हैं-हितानंद
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि राष्ट्रवादी कार्यों के लिए सन् 1960 के दशक में जनसंघ की स्थापना की गई थी, जो बाद में भारतीय जनता पार्टी बनी। सन् 1960 के दशक में देश में पार्टी का पहला जिला कार्यालय ग्वालियर में बनकर तैयार हुआ था। एक समय था, जब हमारी पार्टी को लेकर कहा जाता था कि इस पार्टी के पूरे देश में सिर्फ 20 कार्यकर्ता है। लेकिन पार्टीवादी विचारों को लेकर हम चले रहे और भाजपा विश्व की सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। आज हमारी पार्टी के एक बूथ समिति में उतने कार्यकर्ता शामिल हैं, जितने कभी देश भर में कुल कार्यकर्ता होते थे। यह कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं की लगन, मेहनत व जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो सका है। नवीन भाजपा जिला कार्यालय आने वाले समय को देखकर बनाए जा रहे हैं। यह जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं की लक्ष्य पूर्ति करने वाले सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *