
दमोह : पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय दमोह में आज साइबर जागरूकता अभियान संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य धर्मेंद्र सिंह के उद्बोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश पुलिस जिला दमोह के साइबर विभाग से पधारे अधिकारीद्वय सौरभ टण्डन और राकेश अठया रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न साइबर अपराधों जैसे- डिजिटल अरेस्ट का फोन आना, कुछ ही दिनों में पैसे दोगुने करने का ऑफर, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड आदि के बारे में सचेत किया तथा ऐसी स्थिति में फंसने पर तत्काल 1930 पर फोन लगाकर त्वरित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही अत्यंत कठिन पासवर्ड बनाने की सलाह भी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह सारी जानकारी अपने परिवार के सदस्यों को देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा साइबर अपराधों तथा बचाव से संबंधित प्रश्न पूछे गए जिनके अधिकारियों ने अत्यन्त सरल तरीके से उत्तर दिये। इस प्रकार साइबर जागरूकता अभियान अत्यंत ही ज्ञानवर्धक रहा।
