शासकीय जे.पी.बी. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न


दमोह : म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी के निर्देशन एवं जिला न्यायाघीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट के मार्गदर्शन में शासकीय जे.पी.बी. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में जिला न्यायाधीश दमोह राममनोहर सिंह दांगी, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया एवं प्राचार्य डी.के. मिश्रा एवं छात्रायें उपस्थित थी। जिला न्यायाधीश राममनोहर सिंह दांगी द्वारा छात्राओं को सम्बोधित करते हुये कहा गया कि निर्धारित आयु के पूर्व मोटरयान का प्रयोग अनेक चुनौतियों को जन्म देता है जिसके परिणाम बहुत भयावह होते है, इसी प्रकार आजकल बच्चे मोबाईल का अंधाधुंध प्रयोग कर रहे है जिससे न सिर्फ मानसिक वरन शारीरिक रूप से भी कमजोर होते है। इंटरनेट के युग में छात्राओं को सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय अनेक सावधानियों की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में उपस्थित छात्राओ को जानकारी देते हुऐ इंटरनेट से होने वाले अपराधों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही छात्राओं से यह भी कहा कि जब भी आपके विद्यालय में कोई भी प्रतियोगिता आयोजित की जाये तो उन प्रतियोगिताओं मे परिणाम की चिन्ता किए बिना प्रतिभागिता करनी चाहिए।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया द्वारा छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, 15100 निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाईन के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर पूर्व में विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में समीक्षा पटैल द्वारा प्रथम स्थान, प्रभात रैकवार द्वारा द्वितीय एवं सिमरन अहिरवाल द्वारा तृतीय स्थान प्राप्त होने पर उन्हें शील्ड एवं प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया गया।
