Spread the love

मुंबई। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा जा रही नीलकमल नाम की एक यात्री नाव मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया से समुद्र में लगभग 10 किमी दूर में समंदर में डूब गई। इस नाव में करीब 80 यात्री सवार थे। इनमें से 72 यात्रियों को बचा लिया गया है। खबर है कि तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि 5 लोग लापता बताये जा रहे हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। इस हादसे का एक वीडियो सामने आया है। एलीफेंटा जाते समय उरण के कारंजा के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी ये नाव सामने से आ रही भारतीय नौसेना की स्पीड बोट से जोरदार टक्कर के कारण डूब गई। जानकारी के मुताबिक नीलकमल नाम की नाव बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा की ओर रवाना हुई। इस नाव की क्षमता 130 यात्रियों की थी। हादसे के वक्त नाव में 80 यात्री सवार थे। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई और 5 लोग लापता हैं। बताया गया है कि यात्री नाव एलीफेंटा जा रही थी। तभी नेवी की स्पीड बोट ने उसके सामने तेज गति से एक चक्कर लगाया। फिर स्पीड बोट यात्री नाव से दूर चली गयी। इसके बाद वह टेढ़े-मेढ़े मोड़ लेते हुए यात्री नाव की ओर आ गयी। स्पीड बोट ने यात्री नाव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री नाव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नाव में पानी भरने लगा। कुछ ही देर में पूरी नाव डूब गई।

स्पीड बोट ने चक्कर लगाया और सामने से मार दी टक्कर
इस हादसे का मंजर कैमरे में कैद हो गया है। इसमें एक स्पीड बोट पहले बड़ा चक्कर लगाती नजर आ रही है। इसके बाद स्पीड बोट नीलकमल नाव को सामने से टक्कर मार देती है। इसी कारण यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली स्पीड बोट भारतीय नौसेना की है। यह नाव नौसेना की होने की जानकारी मिलने के बाद भारतीय नौसेना की ओर से इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

स्पीड बोट ने नियंत्रण खो दिया
इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, हादसा तब हुआ जब भारतीय नौसेना की स्पीड बोट ने नियंत्रण खो दिया। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई। जिन लोगों को बचाया गया उनका तुरंत इलाज किया जा रहा है। मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार द्वारा सहायता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *