Spread the love

संक्रांति तक कम से कम आधे राज्यों को मिल जाएंगे नए अध्यक्ष
नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बीते चार सालों से ज्यादा समय से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर विराजमान हैं। उनका कार्यकाल बीते साल ही समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते इसे बढ़ा दिया गया था। अब चुनाव के नतीजे आए 6 महीने से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन अब तक बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ही हैं।
इस बीच पार्टी में संगठन में बदलाव की कवायद तेज कर दी है। सूत्रों का कहना है कि मकर संक्रांति के बाद बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल सकता है। इसे लेकर बैठकें शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही किसी नाम पर मुहर लग सकती है। सूत्रों का कहना है कि भूपेंद्र यादव, अनुराग सिंह ठाकुर, शिवराज सिंह चौहान समेत कई ऐसे नेता हैं, जिन्हें अध्यक्ष बनाने का फैसला हो सकता है।
पार्टी 15 जनवरी तक जिला और राज्य के अध्यक्ष बना लेना चाहती है। संक्रांति तक कम से कम आधे राज्यों को नए अध्यक्ष मिल जाएंगे और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। सूत्रों से खबर मिली है कि महीने के अंत तक पार्टी को नया अध्यक्ष तय हो जाएगा। रविवार को बीजेपी ने इस संबंध में मुख्यालय में बैठक की। इस बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा जेपी नड्डा समेत कई अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में संगठन पर्व को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी का मानना है कि एक फुल प्रूफ व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे पता चल सके कि कौन संगठन से जुड़ रहा है।
बता दें कि इस साल अक्टूबर में बीजेपी ने 10 करोड़ सदस्यों का आंकड़ा पार कर लिया था। रविवार को जेपी नड्डा और बीएल संतोष ने संगठन चुनाव का जायजा लिया। एक पदाधिकारी ने कहा कि हमने संगठन के सभी पहलुओं पर विचार किया। इस बैठक में यह भी तय हुआ है कि अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को पूरे साला मनाया जाएगा। साल भर इस अवसर पर अलग-अलग कार्य़क्रम होंगे। फिलहाल पार्टी का जोर इस बात पर है कि मकर संक्रांति तक जिला और राज्यों के अध्यक्ष तय कर लिए जाएं। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *