

दमोह : सेडमैप प्रशिक्षण केन्द्र मे रेडिमेड गारमेंट, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू धर्मेन्द्र कटारे एवं सभापति रजनी ठाकुर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गए। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि समाज सेवी मुन्नालाल सोनी एवं प्रदीप नामदेव की विशेष उपस्थिति रही।इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू धर्मेन्द्र कटारे ने कहा आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का परचम लहरा रही है, समाज की उन्नति वर्तमान परिस्थितियों मे पुरूषों से कदम से कदम मिलाकर चलने का है, तभी समाज और देश का उत्थान होगा। आधुनिकता अपनाना है, परन्तु अपना अच्छा बुरा समझते हुए एवं अपने परिवार के संस्कारों को साथ में लेकर चलना होगा तभी आने वाली पीढ़ियां कुछ सीखेगी और विकसित भारत का सपना पूरा होगा।जिला पंचायत की सभापति रजनी ठाकुर ने कहा अपना उत्साह तब तक एक जैसा बनाकर रखना होगा जब तक कि मंजिल हासिल न हो जाये। हर बेटी यदि ठान ले तो वह स्वयं भी स्वरोजगार प्राप्त करेगी और दूसरों के आजीविका का साधन उपलब्ध करायेगी। एम.एल. सोनी ने कहा कि छोटे-छोटे गांवो से बेटियां भले ही संघर्ष करके प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है, परन्तु भविष्य के लिए उनका कदम बहुत ही सकारात्मक है। इसी क्रम में प्रदीप नामदेव द्वारा शासन की स्वरोजगार योजनाओ पर प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण ले चुकी कु. सवित्री ने कहा ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वर्तमान में अपने घर से ब्यूटी पार्लर का कार्य कर रही हूं। वह 10-15 हजार रूपये प्रतिमाह आमदनी प्राप्त कर रही है। इसी प्रकार श्रीमति मीना, ज्योति, कु. रौनक, कु. कल्पना, कु. संजना ने अपने द्वारा स्थापित स्वरोजगार के सफलता के बारे में अपने विचार अतिथियों के समक्ष रखे।
कार्यक्रम का संयोजन एवं आभार सेडमैप जिला समन्वयक पी.एन. तिवारी द्वारा किया गया एवं सहयोग सेडमैप मे प्रशिक्षक के रूप मे कार्यरत कशिश चौबे, अनुराधा रजक, मनीषा राय, सुषमा विश्वकर्मा, आशीष श्रीवास्तव एवं संजय गर्ग का रहा।
