
बालाघाट । भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व जिला भाजपा कार्यालय में संपन्न हुआ। नव निर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे का समर्थकों ने स्वागत किया। कार्यालय पहुंचकर भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने पदभार ग्रहण किया। इसके बाद स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी, सत्यनारायण अग्रवाल, वरिष्ठ नेत्री लता एलकर मंचासीन रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने इस अभूतपूर्व निर्णय के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के मंथन से निकला अमृत भाजपा जिला अध्यक्ष के रुप में हमें रामकिशोर कावरे जैसा संगठन निष्ठ नेतृत्व मिला है। उनके नेतृत्व शैली से संगठन का कारवां और विकास की गति आगे बढ़ेगी। नव निर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कहा कि मेरे पूर्व कार्यकाल में भी कार्यकर्ताओं ने अमूल्य योगदान दिया है, जो उनके लिए अमूल्य पूंजी है। इस कार्यकाल में अपनी पूरी लगन, निष्ठा, समर्पण के साथ संगठन सेवा और जनसरोकार के कार्यों को आगे बढ़ाते रहूंगा। उन्होंने कहा कि अभी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसके बाद संगठन के निर्देश पर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। कार्यकारिणी में सभी को स्थान देकर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
शीघ्र होगी मंडल अध्यक्ष की घोषणा
भाजपा जिला अध्यक्ष कावरे ने कहा कि अभी संगठन ने पार्टी के जिला अध्यक्ष की घोषणा की है। मैने आज अपना कार्यभार ग्रहण किया है। पार्टी पदाधिकारियों के निर्देश पर शीघ्र ही बालाघाट मंडल अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। विदित हो कि भाजपा ने अपने बालाघाट मंडल अध्यक्ष की घोषणा अभी तक नहीं की है। जबकि शेष मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा कर उन्हें पूर्व में ही जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
