Spread the love

नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ में देर रात मची भगदड़ पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दुख जताते हुए प्रतिक्रिया दी है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने भीड़ प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट को लेकर सवाल भी उठाए हैं। उनका मानना है कि आम लोगों की बजाय वीआईपी मूवमेंट पर ज्यादा ध्यान देना इस घटना के लिए जिम्मेदार है।
महाकुंभ में भगदड़ को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा, कि प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की वजह से कई लोगों की मौत और कइयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने महाकुंभ मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए और कहा, इस दुखद घटना के लिए कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह वीआईपी मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होना जिम्मेदार है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि अभी महाकुंभ में काफी समय बचा हुआ है, कई और महास्नान होने हैं। अब आगे से आज जैसी दुखद घटना न हो, इसके लिए सरकार को व्यवस्था में बेहतर सुधार करने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वीआईपी कल्चर पर लगाम लगाई जानी चाहिए और सरकार को आम श्रद्धालुओं की जरूरतों की पूर्ति के लिए बेहतर इंतजाम करने चाहिए। इसी के साथ राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अनुरोध किया है कि पीड़ित परिवारों की मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *