Spread the love

उच्च न्यायालय ने नारकोटिक्स इंस्पेक्टर को अग्रिम जमानत देने से इंकार कर याचिका खारिज की
इन्दौर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इन्दौर में न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर की एकल पीठ ने नारकोटिक्स इंस्पेक्टर द्वारा दायर अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिस पर अफीम लाइसेंस प्रदान करने में सहायता के लिए एक मध्यस्थ के माध्यम से रिश्वत लेने का आरोप था। याचिकाकर्ता मंदसौर में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो में नारकोटिक्स इंस्पेक्टर है जिस पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (बीएनएस) की धारा 61 (2) के तहत आपराधिक साजिश के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 जो रिश्वत से संबंधित लोक सेवकों द्वारा किए गए अपराधों को संबोधित करता है का आरोप लगाया गया था। प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता मनोज कुमार द्विवेदी ने प्रकरण पैरवी की। बचाव पक्ष के वकील ने तर्क दिया कि आवेदक लेन-देन के समय मौके पर मौजूद नहीं था और उससे कोई पैसा सीधे बरामद नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि आवेदक को मामले में झूठा फंसाया गया है और इस बात पर जोर दिया कि कथित रिश्वत की घटना से पहले ही शिकायतकर्ता को अफीम का लाइसेंस दे दिया गया था। वहीं बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट के समक्ष यह भी दावा किया कि आवेदक के पास ऐसे लाइसेंस देने का अधिकार ही नहीं था। प्रकरण में अभियोजन पक्ष के वकील ने तर्क दिया कि मामले में गंभीर भ्रष्टाचार शामिल है, जैसा कि मांगी गई बड़ी रिश्वत और इस तथ्य से स्पष्ट है कि सह-आरोपी को रिश्वत के पैसे के साथ पकड़ा गया था। इसके अतिरिक्त, यह भी उजागर किया गया कि इन व्यक्तियों ने याचिकाकर्ता के निर्देश पर काम करना स्वीकार किया था। प्रकरण में कोर्ट के समक्ष एक वॉयस रिकॉर्डिंग ट्रांसक्रिप्ट भी प्रस्तुत की गई, जिसमें याचिकाकर्ता को कथित तौर पर रिश्वत मांगते हुए सुना गया था। न्यायमूर्ति ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद निर्णय देते कहा कि…यह जरूरी नहीं है कि किसी व्यक्ति को केवल अपने हाथों में ही राशि/अनुचित लाभ मिले, ऐसे उदाहरण हो सकते हैं कि वह किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से इसे प्राप्त कर सकता है, और ऐसी परिस्थितियों में, वह अपने दायित्व से बच नहीं सकता है और केवल यह कहकर बच नहीं सकता है कि उसे रंगे हाथों नहीं पकड़ा गया।”
निर्णय में यह भी कहा कि वर्तमान रिश्वत के मामले में नारकोटिक इंस्पेक्टर खुद अफीम लाइसेंस प्रदान करने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से भारी रिश्वत मांगने और लेने में शामिल है, यह न्यायालय आवेदक को अग्रिम जमानत देने के लिए इसे उपयुक्त मामला नहीं मानता है। न्यायालय ने अभियोजन की बात को स्वीकार करते कहा कि आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है, और इसलिए अग्रिम जमानत उचित नहीं है। निर्णय में न्यायालय ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 का भी हवाला दिया, जो यह निर्धारित करती है कि कोई लोक सेवक जो सीधे या किसी मध्यस्थ के माध्यम से रिश्वत स्वीकार करता है या स्वीकार करने में मदद करता है, उसे आपराधिक रूप से उत्तरदायी ठहराया जा सकता है। न्यायालय ने निर्णय को और स्पष्ट करते कहा कि यह अप्रासंगिक है कि लोक सेवक ने खुद रिश्वत ली या किसी और ने उसकी ओर से इसे प्राप्त किया, किसी भी मामले में, वे अभी भी अपराध के लिए उत्तरदायी होंगे। परिणामस्वरूप अग्रिम जमानत के लिए आवेदन खारिज कर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *