Spread the love

एमएसडब्ल्यू छात्रों के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

दमोह : मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मास्टर ऑफ सोशल वर्क एमएसडब्ल्यू के छात्रों के लिए केरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की गरिमामय मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा जोश, जुनून और समर्पण के साथ कार्य करने से निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती हैं। यदि आप समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और आपको अपने कार्य की निगरानी सुपरविजन की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, तो यह दर्शाता है कि आप पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।  

   उन्होंने कहा डेवलपमेंट पार्टनर्स के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है ताकि छात्र किसी भी संगठन में कार्य करने के आवश्यक पहलुओं को सीख और समझ सकें। इसके साथ ही हर महीने छात्रों के लिए साक्षात्कार इंटरव्यू प्रशिक्षण का भी आयोजन किया जाएगा।  कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों एनजीओ, विकास संस्थाओं एवं विशेषज्ञों ने छात्रों को करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।  

छात्रों को मिली रोजगार और इंटर्नशिप की जानकारी

            कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक कार्य सोशल वर्क के क्षेत्र में रोजगार और इंटर्नशिप के अवसरों से छात्रों को अवगत कराना था। इसमें विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर संभाग समन्वयक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा लक्ष्य प्राप्ति के लिए शत प्रतिशत समर्पण और मेहनत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने और खुद को विकसित करने की सलाह दी।   कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के विशेषज्ञों ने छात्रों को करियर संबंधी सुझाव दिए। प्रदान फाउंडेशन के श्री गोपाल ने प्रभावी और आकर्षक सीवी बनाने के तरीके सिखाए और देवनेट, लिंक्डइन, ग्राउंड जीरो जैसी वेबसाइटों के माध्यम से नौकरी खोजने की प्रक्रिया समझाई।  अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के रियासत अली ने एनजीओ सेक्टर में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।  पिरामल फाउंडेशन की गुंजन शर्मा ने महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में नौकरी और इंटर्नशिप के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने गांधी फेलोशिप में आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई।  अंतरा फाउंडेशन के रवि यादव ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में करियर संभावनाओं की जानकारी दी और मार्च से जुलाई तक होने वाली भर्ती प्रक्रिया के बारे में बताया।  

         वाटर एड के विमल विश्वकर्मा ने इंटर्नशिप कार्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।  जेएसआई इंडिया फाउंडेशन के मुकेश सुनानिया ने सीएसआर सेक्टर में करियर और विभिन्न भाषाओं के महत्व पर चर्चा की।  फाउंडेशन की सुश्री अनीशा एवं धीरेंद्र गर्ग ने सहानुभूति सिंपैथी और संवेदनशीलता एम्पैथी के महत्व को बताया। उन्होंने क्राउड फंडिंग एवं एनजीओ निर्माण प्रक्रिया से छात्रों को अवगत कराया और अपनी संस्था में इंटर्नशिप के लिए आमंत्रित किया।  

जल निगम के नरेंद्र जैन ने जल जीवन मिशन में कार्य कर रही आईएसए संस्थाओं में एमएसडब्ल्यू छात्रों के लिए प्लेसमेंट की संभावनाओं पर जानकारी दी।   कैरियर मार्गदर्शन संवाद कार्यशाला में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता एवं एमएसडब्ल्यू के 250 से अधिक छात्रों ने सहभागिता की।

छात्रों को मिली नई दिशा

       कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर एवं विशेषज्ञों ने छात्रों के सवालों का जवाब दिया और उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस आयोजन से एमएसडब्ल्यू छात्रों को सामाजिक कार्य क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसरों और संभावनाओं की विस्तृत जानकारी मिली। छात्रों ने इस आयोजन को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए आयोजकों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *