
आप की मीटिंग में विधायकों ने केजरीवाल को दी रिपोर्ट…50 सीटों पर कंफर्म जीत, 6-7 पर क्लोज फाइट
अबकी बार दिल्ली में किसकी सरकार?
नई दिल्ली। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में चुनावी शोर के बाद अब नतीजों का इंतजार है। शनिवार को मतगणना के साथ नतीजे आएंगे और इसके साथ ही सरकार को लेकर तस्वीर भी साफ हो जाएगी। आम आदमी पार्टी सत्ता बरकरा रखेगी, भाजपा दिल्ली की सत्ता से करीब 27 साल लंबा वनवास समाप्त कराने में सफल होगी या कांग्रेस 12 साल बाद दिल्ली की गद्दी पर काबिज होगी, इस फैसले का काउंटडाउन अब शुरू हो गया है।
उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आज पार्टी के सभी 70 उम्मीदवारों की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता खुद केजरीवाल ने की। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य गोपाल राय ने बताया कि इस बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा हुई। गोपाल राय ने बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आज अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में पार्टी के सभी 70 उम्मीदवारों की बैठक हुई। बैठक में सभी उम्मीदवारों ने अपनी रिपोर्ट दी है। ये रिपोर्ट साफ बता रही है कि दिल्ली के अंदर पार्टी की 50 से ज्यादा सीटों पर कंफर्म जीत हासिल करने जा रही है। सात से आठ सीटों पर क्लोज फाइट दिख रही है। दिल्ली की जनता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया है और हमारी पार्टी सरकार बनाएगी।
699 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान संपन्न हुआ। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर कुल 699 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। देश भर के लोग अब दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली में कई वीवीआईपी और हॉट विधानसभा सीटें हैं, जिन पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। नई दिल्ली, कालकाजी, पटपडग़ंज, जंगपुरा, ओखला समेत कई विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प नजर आ रहा है। आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 60.44 प्रतिशत मतदान हुआ है। बड़ा सवाल यह है कि क्या दिल्ली की जनता तीसरी बार आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर दिल्ली की सत्ता की चाबी सौंपेगी या फिर कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन को हासिल कर सरकार बनाने में कामयाब होगी। या फिर दिल्ली की जनता भाजपा की डबल इंजन की सरकार को सत्ता में लेकर आएगी?
11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र
देश भर के लोग यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि दिल्ली की सत्ता की चाबी जनता किसको सौंपेगी। शनिवार को सुबह 8:00 बजे से दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सुबह 11:00 बजे तक चुनावी रुझान आने शुरू हो जाएंगे और दोपहर 2:00 बजे तक चुनाव के नतीजे आ सकते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 8:00 बजे से मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू होगी।
