Spread the love

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में बीती रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व/यातायात/अपराध) कृष्ण लालचंदानी(भापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक(पश्चिम) गजेन्द्र वर्धमान, अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य) श्रीमती सुमन गुर्जर, अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण निरंजन शर्मा एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया। कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभाग वार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित किया जाकर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा फोर्स को ब्रीफ किया गया, उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस की कॉम्बिंग गश्त से जिले के बदमाशों में हड़कंप देखने को मिला है। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चैकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं लॉज, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस अधिकारियों द्वारा टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।

कॉम्बिग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 117 स्थाई वारंट, 109 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 156 गुण्डा एवं 149 हिस्ट्रीशीटरों तथा 03 जिला बदर के आरोपियों को चेक किया गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना मुरार एवं थाना आरोन में 01-01 इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा अवैध शराब के 04 एवं जुआ के 02 प्रकरणों में कार्यवाही की जाकर 08 अन्य प्रकरणों में कार्यवाहियां की गई हैं।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *