

परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई है श्रद्धांजलि योजना
सागर। श्रद्धांजलि योजना कलेक्टर श्री संदीप जी आर की एक संवेदनशील पहल है, जो जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता देकर उनके भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य कर रही है।कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. द्वारा शुरू की गई श्रद्धांजलि योजना जिलेवासियों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत अनुकंपा नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल रही है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के.वी. ने पंचायत सचिव के निधन के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए बीना जनपद पंचायत में श्री नीतीश कुमार तिवारी और भारती अहिरवार को श्रद्धांजलि योजना के तहत अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। नियुक्ति प्राप्त करने के बाद श्री नीतीश तिवारी एवं भारती अहिरवार ने कहा कि इस नियुक्ति से वे अपने परिवार का भरण-पोषण आसानी से कर सकेंगे। यह योजना उन परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई है, जो अपने प्रियजन को खोने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे थे।
