Spread the love

दमोह : प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय नि-क्षय अभियान के सफल समापन पर टी.बी. मुक्त पंचायतों का सम्मान समारोह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति रंजीता गौरव पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। समारोह में 41 ग्राम पंचायत के सरपंच को टी.बी. मुक्त उपलब्धि के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा और प्रमाण-पत्र देकर श्रीमति पटेल ने सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में 100 दिवसीय नि-क्षय अभियान के तहत टी.बी. रोगियों को गोद लेकर पोषण सहायता प्रदान कर टी.बी. मुक्त भारत में सहभागी बने नि-क्षय मित्रों व अभियान दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं सीएचओ, एएनएम, लैब टैक्नीशियन, आशा कार्यकर्ता एवं क्षय इकाई के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायतें जो टी.बी. से मुक्त हो चुकी है, प्रयास करें कि वे टी.बी. मुक्त बनी रहें। क्षेत्र अंतर्गत टी.बी. के संभावित लक्षणों के बारे में आमजनों में जागरूकता बनाये रखें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने टी.बी. मुक्त 41 ग्राम पंचायतों की सराहना करते हुए सजग रहकर यथा स्थिति बनायें रखने की बात कही। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी किशुन लाल हुरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश जैन एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. गौरव जैन विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जैन ने कहा कि 7 दिसम्बर से 100 दिवसीय नि-क्षय अभियान में 430 नि-क्षय मित्रों ने टी.बी. रोगियों को गोद लेकर पोषण सहायता प्रदान कर अमूल्य योगदान दिया है। टी.बी. मुक्त दमोह बनाने के लिए टी.बी. संवेदनशील क्षेत्रों में एकजुटता के साथ सतत् रूप से संयुक्त प्रयास जारी रखे जायें। 

            सीएमएचओ डॉ.जैन ने बताया टी.बी. मुक्त 41 ग्राम पंचायतों में 4 पंचायतों को 2 वर्ष तक टी.बी. मुक्त स्थिति बनाये रखने के लिए ग्राम पंचायत झागर, खौजाखेड़ी, केरबना एवं डिगसर पंचायत के सरपंच को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की चांदी की प्रतिमा से सम्मानित किया गया। टी.बी. मुक्त होने की प्रथम वर्ष की उपलब्धि के लिए 37 पंचायतों को कांस्य प्रतिमा से सम्मानित किया गया। जिसमें सर्वाधिक विकासखंड जबेरा की 13 पंचायतें,  बटियागढ की 11, तेन्दूखेड़ा, हटा, पटेरा की 03-03 एवं विकासखंड पथरिया, दमोह की 02-02 पंचायतें, शामिल है। देश में सर्वाधिक टी.बी. से प्रभावित 347 जिलों में  प्रदेश के 23 जिले में शामिल दमोह में टी.बी. को खत्म करने के लिए 100 दिवसीय नि-क्षय अभियान 7 दिसम्बर से चलाया गया। विशेष अभियान के तहत टी.बी. संवेदनशील क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां की गई व स्थानीय आमजनों के सहयोग से स्क्रीनिंग शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किये गये। जिले में 2,85,139 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। 17,000 लोगों के एक्स-रे भी किये गये। 1024 नये टी.बी. मरीजों की पहचान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *