ब्लेक स्पॉट में आज होगा पौधारोपण……..
अगले रविवार जिला अस्पताल में होगा स्वच्छता कार्यक्रम

दमोह । कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा 17 सितंबर से पूरे देशभर में स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू हुआ है और यह अभियान आगामी 2 अक्टूबर महात्मा गाँधी जी की जयंती तक चलेगा। उन्होंने कहा स्वभाव ही स्वच्छता, संस्कार ही स्वच्छता इस अभियान का शीर्षक है, स्वभाव में और संस्कार में स्वच्छता उतर आए, ये इस अभियान का उद्देश्य है, जिसका साफ मतलब ये है कि इस काम के लिए सरकार के साथ समाज को भी जुटना होगा। हर व्यक्ति को अपनी आदत में स्वच्छता को लाना पड़ेगा, तब जाकर यह कर पाएंगे। 17 सितंबर से इसको प्रारंभ किया गया हैं जिसमे कल नगरपालिका क्षेत्र में एक शौचालय की सफाई की गई, उसका संचालन प्रारंभ कराया, यहाँ पर एक ब्लैक स्पॉट था, उसको साफ कराया गया है। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा आज 19 सितम्बर को मंत्रीगण, विधायक और सांसद यहाँ आ रहे है। आज दोपहर 12 बजे से मीटिंग्स है, आज यहाँ पर दोपहर 12:30 बजे कलेक्ट्रेट ग्राउंड पर सबको स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी, जिसमें लगभग 300 से 400 की संख्या में कर्मचारी उपस्थित होंगे। स्वच्छता कर्मियों और सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा और कुछ हितलाभ वितरित किए जाएंगे। कुछ लोग जो सफाई में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, उन लोगों को सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया यहाँ पर वृक्षारोपण किया जायेगा, जो ब्लैक स्पॉट था उसको पूरा क्लीन करा रहे हैं और वहाँ पर पूरी साफ-सफाई के साथ एक नई व्यवस्था आज प्रारंभ हो जाएगी। कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कल ही अभाना में एक कार्यक्रम किया था, सामुदायिक स्वच्छता केंद्र का शुभारंभ किया गया, स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना कराया गया। इसके अलावा वहाँ के कन्या विद्यालय में स्वच्छता को लेकर बहुत अच्छा कार्यक्रम हुआ, जिसमें उन्होंने वॉल पैंटिंग्स की। इसके अलावा वृक्षारोपण से लेकर और भी गतिविधियां हुई है। पूरे जिले में स्वच्छता का एक माहौल तैयार हो रहा है।
कलेक्टर श्री कोचर ने जनता से आग्रह करते हुये कहा कि जब तक जनता इससे नहीं जुड़ेंगी, यह माहौल सार्थक नहीं हो पाएगा। जल्द ही आगे बढ़कर हर एक वार्ड में नालों की सफाई का अभियान भी शुरू किया जायेगा, जो कि यहां की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी प्रकार सभी विकासखंडों में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता के काम तेजी से चलाए जाएंगे, कॉलोनी-कॉलोनी तक जाएंगे, सभी प्रकार के संगठनों से इसमें चर्चा करेंगे और आगे अगले हफ्ते संडे को जिला अस्पताल की सफाई का एक बड़ा कार्यक्रम रखने का प्लान है। इस प्रकार से कई सारी इवेंट्स इस कार्यक्रम के दौरान होंगें और हम इसको लगातार जारी रखेंगे ताकि हम दमोह को स्वच्छता के क्षेत्र में एक अग्रणी जिले के रूप में स्थापित कर सके।
