
प्रदेश में अब मछली माफिया हावी, मोहन यादव सरकार में हर तरह का माफिया पनप रहा है: जीतू पटवारी
माफियाओं की खिलाफत करने वालों का दमन करती है सरकार: जीतू पटवारी
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अभा कांग्रेस सचिव रणविजय सिंह खजुराहों से सतना पहुंचें और वहां वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया, सीडब्लूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल भी मौजूद थे। नेतागणों के खजुराहों पहुंचने पर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी जी के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हम जी-जान से संघर्ष करेंगे।
श्री पटवारी ने आज सतना प्रवास के दौरान प्रदेश में व्याप्त भयावह स्थिति और सरकार का माफियाओं को संरक्षण मिलने पर मीडिया के समक्ष तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये मोहन यादव सरकार पर हमला बोला। इस दौरान नेतागणों ने सतना में सतना, चित्रकूट, रामपुर बघेला, नागौद, रैगांव, मैहर जिले की मैहर एवं अमरपाटन विधासभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों से विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुये संगठनात्मक चर्चा की।
श्री पटवारी ने कहा कि मोहन यादव सरकार में हर तरह का माफिया पनप रहा है। प्रदेश में सर्वविदित हो गया है, रेत माफिया, भू-माफिया, शिक्षा-चिकित्सा, खनन माफिया हावी है, हर तरह का माफिया प्रदेश को छलनी कर रहा है और अब मछली माफिया प्रदेश में हावी हो गया है। सरकार और माफिया एक साथ है और माफियाओं की खिलाफत करने पर भाजपा उसका दमन करने पर आमादा हो जाती है। उन्होंने कहा कि किसान, गरीब, कर्मचारी सभी सेक्टर पर सरकार और माफिया हावी हो चुका है। यहां तक कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया जगत के लोगों पर हमला, उन्हें डराया, धमकाया जा रहा है, खुलेआम लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
श्री पटवारी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने 2014 में जो कहा एक भी वादा पूरा नहीं किया। देश में जगह-जगह नफरत की बातें होने लगी, 400-500 साल पुरानी कर्ब्रे निकालकर आज के भविष्य को बिगाडने का भारत बना दिया। 25 साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है सोने की ईंटें इनोवा में मिली, 10 करोड़ रूपये इनोवा में मिले, इनोवा कहां से चली कहां रूकी, नरेन्द्र मोदी का नया भारत नहीं पकड़ पाया। नरेन्द्र मोदी का नया भारत में भूपेन्द्र बघेल के यहां र्डडी की रेड डली, 500 कर्मचारी इनकम टैक्स के लगे हुये हैं। नरेन्द्र मोदी जब से प्रधानमंत्री बने 4000 ईडी की रेड डली, एक भी भाजपा के नेता पर नहीं डली। कांग्रेस-विपक्ष अलग-अलग लोगों पर डली। प्रदेश में सोने के बिस्किट किसके थे आज तक पता नहीं चल पाया। मोदी जी के नये भारत में जांच एजेंसियां सिर्फ विपक्ष को निशाना बनाती हैं। फिर की कांग्रेस की विचारधारा नहीं जागे तो कौन जागे?
नेतागणों ने सतना में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुये संगठन को मजबूत और सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की। नेतागणों ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार में हर वर्ग त्रस्त और परेशान है। सत्ता में बैठे लोग प्रदेश की जनता के हको पर डांका डाल रहे हैं। महंगाई की मार झेल रही जनता पर प्रहार उन्हें प्रताड़ित कर रही है। महिलाएं-बच्चियां प्रदेश में सुरक्षित नहीं, युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह, सिद्धार्थ कुशवाह, दिलीप मिश्रा, विनय सक्सेना, मकसूद अहमद, सुनील सर्राफ, जयभान सिंह, रमाशंकर प्यासी, धर्मेश घई सहित अन्य नेतागण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। हरीश चौधरी, जीतू पटवारी और रणविजयसिंह 27 मार्च को रीवा में रीवा, गुढ़, त्योंथर, मनगंवा, सिरमौर एवं सिमरिया एवं मऊगंज जिले की मऊगंज एवं देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के विधानसभावार कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा करेंगे।
