Spread the love

गुना| जिले के राघौगढ़ तहसील के परसौलिया गांव में एक किसान की मेहनत पर आग ने पानी फेर दिया। अचानक लगी आग में 10 बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, वहीं खेत में खड़ा ट्रैक्टर भी पूरी तरह खाक हो गया। इस घटना से किसान को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार सुबह किसान जसमाल भिलाला अपने परिवार के साथ खेत पर बने घर में थे। हाल ही में उन्होंने गेहूं की कटाई कर उसे खेत में ढेर लगाकर रखा था। अचानक धुआं उठता देख परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते पूरी फसल जल गई और पास खड़ा ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आ गया।
दमकल नहीं पहुंची समय पर
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को फोन किया, लेकिन जब तक दमकल वाहन गांव पहुंचा, तब तक खेत में कुछ भी बचा नहीं था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन आग लगने के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी। खेत के आसपास कोई बिजली के तार भी नहीं थे, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना न के बराबर है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, क्योंकि समय पर दमकल पहुंचती तो शायद नुकसान कम हो सकता था। किसान जसमाल भिलाला का कहना है कि इस नुकसान की भरपाई करना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा। प्रशासन से उन्होंने मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *