Spread the love

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के नागरिकों से कहा है, स्कूलों में छात्रों के नामांकन बढ़ाने के लिये 01 से 10 अप्रैल 2025 के दौरान शालेय शिक्षकों द्वारा गृह सम्पर्क अभियान चलाया जायेगा। शिक्षकों द्वारा कैचमेंट एरिया में घर-घर जाकर 6 से 18 वर्ष के बच्चों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र-01 में ली जायेगी, सम्पर्ककर्ता शिक्षक द्वारा सम्पर्क डायरी संधारित कर निर्धारित प्रपत्र-1 अनुसार कॉलम डायरी में तैयार कर जानकारी भरी जावेगी एवं अंतिम कालम में परिवार के मुखिया के हस्ताक्षर लिए जायेंगे। उन्होंने कहा कार्य को प्राथमिकता देते हुए सम्पादित किया जाना सुनिश्चित किया जाये, किसी भी स्तर पर कार्य में उदासीनता को क्षम्य नहीं किया जायेगा।

कार्य को प्राथमिकता से संपादित किया जाना सुनिश्चित किया जाये किसी भी स्तर पर कार्य में उदासीनता को क्षम्य नहीं

            कलेक्टर श्री कोचर ने कहा यदि किसी परिवार में कोई बच्चा अप्रवेशित / शाला से बाहर मिलता है तो उसका कारण डायरी में संधारित करना होगा। साथ ही छात्र के शाला में प्रवेश हेतु परिवार के सदस्य को प्रेरित करना होगा एवं सहमति की दशा में तत्समय ही छात्र के प्रवेश की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। प्रतिदिन सम्पर्क उपरांत सायं 4 बजे शिक्षक द्वारा उसी दिवस किए गए सम्पर्कों की संकलित जानकारी (कक्षा 1 से 8) जनशिक्षक को एवं (कक्षा 9 से 12) संकुल प्राचार्य को भेजी जावेगी। संकुल प्राचार्य द्वारा अपने क्षेत्र की संकलित जानकारी प्रपत्र-2 में तैयार कर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (कक्षा 9 से 12) को एवं इसी तरह जनशिक्षक द्वारा अपने क्षेत्र की संकलित जानकारी तैयार कर विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक को (कक्षा 1 से 8) की जानकारी सायं 5 बजे तक भेजी जावेगी।

            उन्होंने कहा संबंधित विकासखण्ड से सम्पूर्ण विकासखण्ड की संकलित जानकारी प्रपत्र-3 में संकलित कर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी को सायं 6 बजे तक भेजी जायेगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक द्वारा जिले की संकलित जानकारी से प्रतिदिन साथ 6 बजे कलेक्टर को अवगत कराया जावेगा। शिक्षकों द्वारा किए जाने वाले गृह सम्पर्क की सतत मॉनीटरिंग संकुल प्राचार्य बीईओ, बीआरसीसी, बी.ए.सी., जनशिक्षकों द्वारा की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *