Spread the love

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर एवं ग्राम किल्लाई में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत तैयार भोजन आलू सोयाबीन बरी सब्जी, फ्राई अरहर दाल, रोटी एवं पुलाव के नमूनें जांच हेतु लिए। निरीक्षण की कार्यवाही दमोह शहर में सिविल वार्ड नं 6 स्थित ज्वाला माई बचत एवं साख समूह द्वारा संचालित मध्यान्ह भोजन रसोई घर में की गई। उपरोक्त बचत एवं साख समूह द्वारा दमोह शहर में 5 विद्यालयों को मध्यान्ह भोजन वितरित किया जाता है। परिसर में किचिन एरिया, स्टोरेज एरिया में पर्याप्त स्वच्छता पाई गई। निरीक्षण के दौरान कार्यरत कर्मचारियों को एप्रन, हेड कवर का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

इसी तरह ग्राम किल्लाई स्थित शासकीय नवीन माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत जय माता दी स्व सहायता समूह द्वारा स्कूल के बच्चों को वितरित किए जा रहे तैयार पुलाव के नमूने जांच हेतु लिए गए। उक्त खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के द्वारा तैयार भोजन, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, जीरा, अरहर दाल, सोयाबीन बरी, खाद्य तेल एवं चावल की गुणवत्ता की ऑन द स्पॉट जांच की गई। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा जनजागरुकता एवं प्रशिक्षण रसोइयों एवं आम जनता को प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *