एक्सपायरी डेट की 125 किलो किराना खाद्य सामग्री बाजार मूल्य 13,415 रुपए का किया गया विनष्टीकरण


दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत एस.डी.एम. तेंदूखेड़ा सौरभ गंधर्व के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा तेंदूखेड़ा नगर एवं ग्राम तारादेही में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए किराना दुकानों एवं मिठाई दुकानों में विक्रय हेतु संग्रहित एक्सपायरी डेट की किराना खाद्य सामग्री का विनष्टीकरण करवाया गया। कार्यवाही में तेंदूखेड़ा नगर में बस स्टैंड स्थित आशू किराना, बीकानेर मिष्ठान भंडार एवं भाग्यश्री किराना एवं ग्राम तारादेही स्थित अनिल किराना का निरीक्षण किया गया। मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित किराना खाद्य सामग्री नमकीन, चिप्स, सत्तू, मसाले, टोस्ट, बेसन लड्डू सहित अन्य खाद्य सामग्री की 125 किलो मात्रा बाजार मूल्य लगभग 13,415 रुपए का विनष्टीकरण किया गया है। मौके पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी की सहायता से मिठाइयां, केक, नमकीन, बेसन लड्डू, घी, मसाले एवं किराना खाद्य सामग्री आदि की ऑन द स्पॉट गुणवत्ता जांच की गई। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा जनजागरुकता एवं खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया एवं खाद्य कारोबार कर्ताओं को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया एवं आम उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा सभी किराना दुकान संचालकों को अपनी दुकान में एक्सपायरी डेट, बिना निर्माण तिथि के कोई भी खाद्य सामग्री का विक्रय एवं भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए।
