जिले की 25 ग्राम पंचायत मुख्यालयों में होगी मंगलवार को जनसुनवाई

दमोह : शासन की मंशानुसार विभिन्न योजनाओं व सेवाओं के लाभ पात्र व्यक्तियों की कतार के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, सुशासन के उच्चतम मापदण्ड को प्राप्त करने एवं शासन द्वारा संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के समस्त विकासखण्डों की निर्धारित 25 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 01 बजे तक जनसुनवाई कार्यक्रम का अनिवार्य रूप से आयोजन निर्धारित किया है।
जनपद पंचायत दमोह की ग्राम पंचायत बांसा तारखेडा, बांदकपुर एवं अभाना, जनपद पंचायत पटेरा की ग्राम पंचायत कुम्हारी एवं लुहारी, जनपद पंचायत हटा की ग्राम पंचायत मड़ियादो, रनेह, बर्धा, भैंसा एवं गैसाबाद, जनपद पंचायत जबेरा की ग्राम पंचायत नोहटा, सिंग्रामपुर एवं बनवार, जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत तारादेही, पतलोनी, तेजगढ एवं झलौन, जनपद पंचायत पथरिया की ग्राम पंचायत बांसाकला, बोतराई, नरसिंहगढ एवं सीतानगर, जनपद पंचायत बटियागढ़ की ग्राम पंचायत फुटेराकलॉ, खडेरी, मगरोन एवं फतेहपुर आदि ग्राम पंचायतों में प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक जनसुनवाई का आयोजन किया जायेगा। जनसुनवाई में संबंधित ग्राम पंचायत के प्रभार वाले ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, आंगनबाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ए. एन. एम., विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली, हैण्डपम्प मैकेनिक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लाइनमेन उर्जा विभाग, बीट प्रभारी पुलिस विभाग एवं बीट प्रभारी वन विभाग आदि अधिकारी /कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के प्रभारी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव रहेंगे जो जनसुनवाई से संबंधित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं (जैसे जनसुनवाई का बोर्ड, प्रचार-प्रसार, आवेदकों की बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि) करेंगे एवं जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों को पंजीबद्ध कर प्राप्त / निराकृत आवेदनों की जानकारी जिला कार्यालय को प्रेषित करेंगे।
ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई की नियमित निगरानी संबंधित क्षेत्र के नायब तहसीलदार करेंगे, जो प्रत्येक मंगलवार को अपने क्षेत्रांतर्गत आयोजित होने वाली जनसुनवाई कार्यक्रम का सतत पर्यवेक्षण करेंगे।इसी प्रकार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अपने विकासखण्ड क्षेत्रांतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई कार्यक्रम के सुचारू आयोजन कराने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित करेंगे एवं जनसुनवाई कार्यक्रम की सतत निगरानी करेंगे।
