
सतना में वारदात के बाद जबलपुर में ठगी करने की थी तैयारी
जबलपुर। पड़ोसी जिला सतना में पांच सराफा कारोबारियों के साथ लाखों रुपए की ठगी करने के बाद जबलपुर भागे तीन ठगों को क्राईम ब्रांच व रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ये आरोपी यूपी के मथुरा व नोएडा के रहने वाले बताए गए हैं| आरोपियों में दो युवक व एक महिला भी शामिल हैं|
पुलिस सूत्रों के अनुसार गत 27 मार्च को सतना के सराफा बाजार में तीन आरोपी नकली जेवर थमाकर 8 लाख के असली जेवर लेकर फरार हो गए थे| इन आरोपियों ने पांच सराफा कारोबारियों के साथ चीटिंगबाजी की थी| घटना सामने आते ही सतना पुलिस को इसकी सूचना की गई और बताया गया कि काली स्कार्पियों में ठग आए थे| पुलिस की जांच में पता चला कि काली स्कार्पियों से मैहर, कटनी होते हुए तीनों ठग जबलपुर के रांझी क्षेत्र में प्रवेश किए है और यहां भी ठगी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है| इसके बाद क्राईम ब्रांच की टीम सक्रिय हुए और रांझी क्षेत्र में बदमाश पुलिस के हाथ लग गए| पकड़े गए आरोपियों के नाम जगदीश गौतम, संदीप गौतम निवासी मथुरा व अलका शर्मा निवासी नोएडा बताए गए हैं| आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले ही जबलपुर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक वारदात कर चुके हैं| पुलिस अब पकड़े गए ठगी के आरोपियों से वारदातों के संबंध में पूछताछ करने में जुटी है.
