
जबलपुर। मदनमहल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने महानद्दा ओवर ब्रिज के नीचे एक युवक पर चाकू से हमला कर मोबाइल, पर्स और बाईक छीनने वालें एक आरोपी और दो नाबालिग को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल, चाकू और बाईक जब्त की है|
मदनमहल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार पटेल मोहल्ला मदनमहल निवासी 21 वर्षीय सेकेण्ड ईयर छात्र राहुल आर्मो गत रात लगभग 1.30 बजे अपनी बाईक क्रमांक एमपी 20 एनडब्ल्यू 7019 से छोटी लाईन फाटक की ओर से लौट रहा था| महानद्दा ओवर ब्रिज के नीचे शुभ मोटर्स के पास तीन अज्ञात लड़कों ने उसे रोका और चाकू से उसकी जांघ पर हमला कर उसका पर्स, मोबाइल और बाईक छीनकर मदनमहल चौक तरफ भाग गए| पर्स में दो हजार रूपये एवं दस्तावेज गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य कागजात रखे थे| पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया है| सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर गुरहा तालाब थाना गढ़ा निवासी 18 वर्षीय राज प्रजापति और 17 वर्षीय व 16 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है| पुलिस ने उनके कब्जे पर्स, मोबाइल और बाईक जब्त की है| पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात करने की बात स्वीकार की हैं|
