
ऐसे गंदे पोस्टर गोडसेवादी संस्कार के लोग ही लगा सकते है – मेहरबान सिंह
गुना | शहर के तीन प्रमुख चौराहों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से संबंधित अमर्यादित पोस्टर लगाए जाने के बाद कांग्रेस आग बबूला हो गई। कांग्रेस ने युवा मोर्चा पर शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने का आरोप लगाया है और पोस्टर लगाने वाले तत्वों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सबसे पहले हनुमान चौराहे पर एकत्रित हुए। जहां आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने वाले पोस्टर के खिलाफ आक्रोशित कांग्रेसियों ने विरोध जताया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे समर्थकों की हो सकती है, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए।
गद्दारों के पोस्टर लगाना हम भी जानते हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह ने स्पष्ट कहा कि गद्दारों के पोस्टर लगाना हम भी जानते हैं। लेकिन उससे क्या होगा? जो बात दुनिया को पहले से ही मालूम है उसे पोस्टर पर छापने से भी वही बात रहनी है। कांग्रेस नेताओं ने गुना एसपी संजीव कुमार सिन्हा और कोतवाली पहुंचकर आवेदन दिया। जिसमें पोस्टर लगाने वाले असमाजिक तत्वों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग के साथ ही उन्हें समझाइश देने की मांग की गई है। आवेदन में कहा गया है कि भाजयुमो ने न केवल पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया है, बल्कि कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह का भी पोस्टर में गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि इस कृत्य के आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो पार्टी जिले में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी, जिसकी पूरी जवाबदेही गुना जिला प्रशासन और पुलिस की होगी।
इस अवसर पर हरिशंकर विजयवर्गीय, विश्वनाथ तिवारी, नूर हसन नूर, रजनीश शर्मा, शेखर वशिष्ठ, कैलाश नारायण भार्गव, राजेन्द्र तिवारी, माधो महाराज, प्रकाश सिंह धाकड़, रतिराम धाकड़ ,हर्ष मेर, पंकज कनेरिया, रणवीर सिंह कुशवाह, महेंद्र ओझा, तरुण सेन पार्षद,रामवीर जाटव पार्षद, हलीम गाजी पार्षद, महेश कुशवाह पार्षद, वीरेंद्र कुमार पांड्या,कृष्ण पाल सिंह तोमर,बीरू खटीक, महेंद्र त्रिवेंद्र, मुकुल जैन,गोलू कुशवाह, दुर्गेश ओझा आदि उपस्थित थे। –
