Spread the love

दमोह: जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग दमोह के संयुक्त तत्वाधान में 15 अप्रैल  से 20 अप्रैल 2025 तक शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह के प्रांगण में द्वितीय चरण में छह दिवसीय पुस्तक, स्टेशनरी एवं गणवेश मेले का आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला समिति अध्यक्ष सुधीर कुमार कोचर ने संबंधित अधिकारियों से छह दिवसीय पुस्तक, स्टेशनरी एवं गणवेश मेले में शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय घटना को रोकने हेतु पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिये है।

कलेक्टर श्री कोचर ने छह दिवसीय पुस्तक, स्टेशनरी एवं गणवेश मेला आयोजन स्थल पर अस्थायी चिकित्सा केन्द्र की स्थापना, प्राथमिक उपचार किट के साथ उपयोगी एवं महत्वपूर्ण दवाओं की व्यवस्था किए जाने, मेला आयोजन स्थल पर हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में ओ.आर.एस. एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये। उन्होंने कहा मेला स्थल पर आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता हेतु डॉक्टर एवं कर्मचारियों की टीम सहित एक एम्बेलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।

उन्होंने पुलिस विभाग से कहा है मेला आयोजन स्थल के आसपास यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने,  ट्रैफिक जाम एवं अव्यवस्था को रोकने, आम जनता एवं आगन्तुकों को यातायात मार्ग एवं पार्किंग स्थलों की सूचना देने हेतु संकेतक (Sigh Boards), बेरीकेड्स तथा पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था किए जाने तथा व्यवस्थित पार्किंग हेतु बेरीकेड्स की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है, मेला आयोजन स्थल पर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जायें। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी से कहा छह दिवसीय पुस्तक, स्टेशनरी एवं गणवेश मेला आयोजन स्थल एवं उसके आसपास नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था तथा इस हेतु पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाये,  मेला आयोजन स्थल पर तैनात कर्मचारियों एवं आगन्तुकों के लिए चलित शौचालय एवं मूत्रालय की व्यवस्था, अग्नि संबंधी दुर्घनाओं की रोकथाम हेतु फायर ब्रिगेड एवं मेला स्थल पर वाहनों के आवागमन से उड़ने वाली धूल की रोकथाम हेतु प्रतिदिन मेला प्रारम्भ होने के पूर्व अनिवार्यतः जल छिड़काव किया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *