Spread the love

कॉल डिटेल और बैंक खातों से पकड़ा अंतरजिला गिरोह
अशोकनगर। आईपीएल सट्टेबाजों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 23 फरवरी को चैंपियंस ट्रॉफी में सट्टा लगाने के आरोप में गौरव जैन उर्फ गोलू बगिया को 8 अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले में धारा 112, 49 भारतीय न्यायिक संहिता और धूत क्रीड़ा अधिनियम की धारा 4(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया। जांच के दौरान गौरव जैन के कॉल रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच की गई। इससे अशोकनगर के दो और आरोपी चिराग जैन और राहुल जैन का इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े होने का खुलासा हुआ। गौरव जैन और चिराग जैन को हाल ही में गुना में भी ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में पकड़ा गया था। अशोकनगर पुलिस अब गुना पुलिस के साथ मिलकर इस अंतरजिला सट्टा नेटवर्क के मेन सोर्स की जांच कर रही है। जांच में कई बड़े सट्टा संचालकों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
सर्व समाज ने दिया था ज्ञापन:
बीती 10 अप्रैल को सर्व समाज ने आईपीएल सट्टेबाजी और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन किया था। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर। सट्टेवाजों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। सर्व समाज का आरोप है कि आजाद खान शहर के बीचों बीच रहकर यह अवैध कारोबार चला रहा है। उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस रैकेट से कई युवक आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं। आजाद खान ने इस अवैध धंधे से बड़ी संपत्ति बनाई है। सर्व समाज ने मास्टरमाइंड आजाद खान और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उनकी संपत्ति जब्त करने की मांग भी की है। कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन, बाजार बंद और चक्का जाम की चेतावनी भी दी गई थी।
सटोरियों पर करेंगे सख्त कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा आईपीएल सट्टे को लेकर गुना जिले के कैंट थाने में दर्ज हुई एफआईआर के संदर्भ में अशोकनगर के मास्टर माइंड आजाद खान का नाम आने पर कहा कि हमारे यहां सट्टे को लेकर काफी कार्रवाई हुई है। उन्होने बताया कि गौरव जैन, चिराग जैन पकड़े गए हैं इनके खिलाफ भी हमने पहले कार्रवाई की थी। अगर यहां आईपीएल का सट्टा चलते हुए मिलेगा तो, हम उसमें कार्रवाई करेंगे और जो कोई चला रहा होगा, उस पर भी कार्रवाई करेंगे। उल्लेखनीय की पुलिस अधीक्षक श्री जैन आईपीएल सट्टे को लेकर काफी सख्त रुख अख्तियार किए हुए हैं और यही वजह है कि इन दिनों से सटोरिये भूमिगत हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *