Spread the love

कलेक्ट्रेट में प्रवेश करते , 24 से अधिक कार्यकर्ता गिरफ्तार
जबलपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस के ‘नेशनल हेराल्ड’ प्रकरण में चार्जशीट दाखिल किए जाने के विरोध में मंगलवार को जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस चार्जशीट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के नाम शामिल हैं, जिससे पार्टी में तीव्र असंतोष फैल गया है। इस दौरान आलोक मिश्रा, चिंटू चौकसे सहित उनके साथ कई कार्यकर्ता गेट कूदकर कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया|
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय को घेरने की कोशिश की। कलेक्ट्रेट क्षेत्र में धारा 144 लागू होने के बावजूद, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गेट कूदकर परिसर में घुस गए। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, और आखिरकार कार्रवाई करते हुए 24 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, पिछले 11 वर्षों में ईडी की जांच की जद में केवल विपक्षी नेता ही आए हैं। सरकार ने कभी अपने दल के नेताओं की जांच नहीं करवाई है। यह स्पष्ट संकेत है कि ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है।
ओमती थाना प्रभारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में धारा 144 लागू थी, इसके बावजूद कार्यकर्ता जबरन भीतर घुसे, जो कि कानून का उल्लंघन है। इसलिए सभी को गिरफ्तार किया गया।
कलेक्ट्रेक्ट सुरक्षा पर सवाल…
दो घंटे तक चले इस उग्र प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई थी। पुलिस की सतर्कता के बावजूद कार्यकर्ताओं का परिसर तक पहुंच जाना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना रहा। जबलपुर में आने वाले समय में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के और भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है। जिसको देखते हुये कलेक्ट्रेट, पुलिस कंट्रोल रूम और एसपी आफिस की सुरक्षा कड़ी की जा सकती है.
प्रदर्शन में ये रहे शामिल………..
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष डॉ.नीलेश जैन, विधायक लखन घनघोरिया वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति कमलेश यादव, पूर्व मंत्री कौशल्या गोटिंया, श्रीमति अंजू सिंह बघेल, पूर्व पार्षद बलविंदर सिंह मान, अनुराग गढ़वाल, अतुल वाजपेयी, नगर कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष सतीश तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू चौबे, बलवंत गुर्जर, ग्रामीण सिहोरा मझौली पाटन के ब्लॉक अध्यक्ष भी शामिल हुए| इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, पार्षद अयोध्या तिवारी, संतोष पंडा, पूर्व पार्षद ताहिर अली, मुकेश राठौर, झल्लेलाल जैन, टीकाराम कोष्टा, प्रवीन्द्र सिंह चौहान, रीतेश गुप्ता, बंटी, अनुज श्रीवास्तव, प्रभा सिंह, जितेंद्र यादव, सहित सैकड़ो कांग्रेसजन मौजूद थे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *