दमोह। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट का मामला सामने आया है। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले में दमोह पहुंचे केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने कहा कि एमपी के सीएम मोहन यादव को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे सख्त कदम उठाने चाहिए। कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
विवादित पोस्ट पर कमेंट करने वाले युवक पर भी केस
सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि वसीम खान नाम के युवक ने पहलगाम आतंकी हमले और श्री राम के नाम को लेकर विवादित पोस्ट की। इसपर तनवीर कुरेशी ने आपत्तिजनक कमेंट किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की है। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
