

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए फास्ट फूड रेस्टोरेंट,मिष्ठान एवं पेटिस निर्माण यूनिट्स में विक्रय किए जा रहे वेज नूडल्स,आलू पेटिस एवं मैंगो लस्सी के नमूनें जांच हेतु लिए हैं। कार्यवाही में घंटाघर दमोह स्थित गुजरात स्वीट्स एवं निर्माण यूनिट मारूताल इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित मनसुख फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया गया है। परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित मैंगो लस्सी के नमूनें जांच हेतु लिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ऑफिस के सामने स्थित मंगलम रेस्टोरेंट का निरीक्षण करके वेज नूडल्स के नमूनें जांच हेतु लिए गए हैं। इसी तरह फुटेरा वार्ड, हरसिद्धि मंदिर के पास स्थित राकेश यादव पेटिस निर्माण यूनिट का निरीक्षण करके आलू पेटिस के नमूनें जांच हेतु लिए गए हैं। इस अवसर पर मंगलम रेस्टोरेंट में कार्यरत शेफ एवं रसोइयों को चाइनीज फूड एवं फास्ट फूड में अजीनोमोटो के ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल करने से एवं री यूज्ड खाद्य तेल को उपयोग करने पर मानव स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव होने के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। मौके पर फास्ट फूड रेस्टोरेंट संचालकों को अजीनोमोटो, प्रतिबंधित फूड कलर एवं री यूज्ड खाद्य तेल के उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए है। मौके पर मैजिक बॉक्स की सहायता से वेज नूडल्स,आलू पेटिस एवं मैंगो लस्सी की गुणवत्ता की ऑन द स्पॉट जांच की गई है।
