
ग्रामीणों के शोर मचाने पर भी नहीं छोड़ा; खेत में काम कर रहे थे
बालाघाट । शनिवार सुबह बालाघाट में कटंगी रेंज के कुडवा कॉलोनी के पास खेत में काम कर रहे किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। बाघ शरीर का निचला हिस्सा खा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हम लोग रोज की तरह सुबह पांच बजे खेत में काम करने पहुंच गए थे। करीब 6 बजे बाघ ने पीछे से प्रकाश पाने (45) पर हमला कर दिया। हम लोग चिल्लाते हुए वहां से भागे। थोड़ी दूर जाकर हमने पत्थर फेंककर बाघ को भगाने की कोशिश भी की। तब तक बाघ उसे अपना शिकार बना चुका था।
हम लोगों ने देखा कि बाघ प्रकाश को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए खेत में ले गया और बैठ गया। इस बीच वो दो बार दहाड़ा भी। घटना के बाद वन विभाग के प्रति ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने वन चौकी का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हम लोग एक हफ्ते पहले से वन विभाग के अफसरों को बता रहे थे कि हमारे खेतों में बाघ घूम रहा है। इसके बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया। वन विभाग की लापरवाही की वजह से हमारे साथी की मौत हो गई। बाघ के हमले से पहले भी मौतें हो चुकी हैं।
