Spread the love

दमोह: दमोह नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत सिविल वार्ड 06 सुभाष कॉलोनी एवं मागंज वार्ड 04 मुश्की बाबा क्षेत्र में गत वर्ष 2024 में वर्षा काल के दौरान दो बार जलभराव की स्थिति निर्मित हुई थी । स्थानीय नागरिकों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पडा था, अनेकों कच्चे मकान गिर गये थे। भविष्य में वर्षाकाल में यह स्थिति निर्मित न हो इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद दमोह को 15 मई 2025 के पूर्व नगर के समस्त नाले नालियां सफाई कराने के उपरांत पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये थे। परन्तु 11 मई तक नगरीय क्षेत्र के नाला नालियों की सफाई पूर्ण नही हुई है। कलेक्टर श्री कोचर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद दमोह को निर्देशित किया है, कि संसाधनों एवं श्रमिको को बढ़ाते हुए युद्व स्तर पर नाला नालियों का सफाई कार्य पूर्ण कराया जाये । वर्षाकाल के दौरान जल बहाव में कोई अवरोध की स्थिति निर्मित न हो इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाये, साथ ही नाला नालियों के उपर स्थित अतिक्रमण जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से सहयोग लेकर तत्काल हटाने की कार्यवाही की जाये।

 उन्होंने कहा मागंज वार्ड 4 मुश्की बाबा के आगे पथरिया रोड पर पेट्रोल पम्प के पास पुलिया में ओपनिंग बढाने हेतु ह्यूम पाईप डालकर पुलिया निर्माण कराने के निर्देश लोकनिर्माण विभाग (भवन एवं सडक) दमोह को प्रदान किये गये थे। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग यह कार्य 20 मई के पूर्व पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा वर्षाकाल के दौरान नाला नालियों की सफाई न होने की स्थिति में नगर में कहीं जल भराव की स्थिति निर्मित होती है, तो मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका के सफाई विभाग के संबंधित अधिकारियों के विरूद्व आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 56 के अंतर्गत कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दमोह जिला दमोह एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण दमोह के द्वारा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाये। कलेक्टर श्री कोचर ने संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय सागर से वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी को दमोह नगर नाला-नाली सफाई कार्य की सतत निगरानी करने एवं आवश्यक तकनीकी सहयोग करने के निर्देश प्रदान करने के लिये कहा है, ताकि 30 मई के पूर्व निकाय द्वारा सफाई कार्य पूर्ण कराया जा सके एवं वर्षाकाल में जल भराव की स्थिति निर्मित न हो।

            नगर पालिका परिषद दमोह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार आर.सी अहिरवार मुख्य नगर पालिका अधिकारी गुन्नौर जिला पन्ना को दिया गया है सप्ताह में उनके द्वारा तीन दिवस नगर पालिका दमोह को दिये जा रहे है। नगर पालिका दमोह में चार दिवस कार्य करने के निर्देश प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को प्रदान करने कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *