Spread the love

फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी निवासी एक महिला ने रविवार रात एक तांत्रिक के कहने पर अपने दो वर्षीय बेटे को आगरा नहर में फेक दिया। वह बेटे को सफेद जिन्न की औलाद समझ रही थी। महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि दमकल विभाग, राज्य आपदा प्रबंधन (एसडीआरएफ), पुलिस और स्थानीय गोताखारों की टीम आगरा नहर में बच्चे की तलाश कर रही है। साथ ही आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीपीटीपी थाना के एसएचओ ने बताया कि कपिल लुकरा की शिकायत पर उनकी पत्नी मेघा लुकरा और उकसाने वाले तांत्रिक के खिलाफ हत्या व विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हिरासत में ली गई बच्चे की मां मेघा लुकरा से पूछताछ की जा रही है। तांत्रिक की तलाश में पुलिस की टीम जगह-जगह दबिश दे रही है।
महिला के पति कपिल लुकरा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि उसकी शादी मेघा लुकरा से करीब 16 साल पहले हुई थी। वह परिवार के साथ सैनिक कॉलोनी में एक फ्लैट में रहते हैं। उनका यहां पर इंटीरियर का कारोबार है। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी मान्या करीब 14 साल की है। जबकि तन्मय उर्फ रौनिक करीब दो साल का है। पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी मेघा लुकरा काफी समय से मिता भाटिया नामक एक तांत्रिक के संपर्क में थी। तांत्रिक मिता भाटिया तन्मय उर्फ रौनिक को सफेद जिन्न की औलाद बताकर मधु लुकरा को उकसाती थी। साथ ही कहती थी कि सफेद जिन्न की औलाद उसके पूरे परिवार का विनाश करेगी। इससे मघु लुकरा मानिसिक रूप में बीमार रहने लगी। पीड़ित कपिल लुकरा के अनुसार बेटे को सफेद जिन्न की औलाद समझ कर मेघा मानसिक तनाव में काफी परेशान रहने लगी। रविवार शाम करीब पांच बजे वह किसी को बिना कुछ बताए बेटे तन्मय को गोद में लेकर घर से निकल गई। इसकी जानकारी पाते ही वह मेघा की तलाश में जुट गए। रात करीब नौ बजे पुलिस ने सूचना दी कि मेघा नामक महिला को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि उसने अपने बेटे को आगरा नहर में फेंक दिया है। यह सुनकर वह बदहवास बीपीटीपी थाना पहुंचे। मेघा को देखकर उनके होश उड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *